Blood Pressure Check: घर पर BP नापते हैं तो ये गलती बिल्कुल न करें! WHO ने बताया सही तरीका
गलत तरीके से बैठने, कफ का गलत साइज चुनने या BP नापते समय बात करने से रीडिंग प्रभावित हो सकती है। जानिए घर पर ब्लड प्रेशर चेक करने का सही तरीका और किन जरूरी बातों का रखना चाहिए ध्यान।

आजकल बहुत से लोग घर पर ही ब्लड प्रेशर चेक करने के लिए डिजिटल BP मशीन रखते हैं। हालांकि, मशीन होने भर से सही रीडिंग मिलना जरूरी नहीं है। बैठने की स्थिति, हाथ की पोजीशन, कफ का साइज और जांच से पहले की गतिविधियां ब्लड प्रेशर की रीडिंग को प्रभावित कर सकती हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की गाइडलाइंस के अनुसार, घर पर BP चेक करते समय कुछ जरूरी सावधानियां बरतना बेहद महत्वपूर्ण है। अगर आप भी नियमित रूप से अपना ब्लड प्रेशर चेक करते हैं तो इन बातों का ध्यान जरूर रखें।
घर पर इस तरह चेक करें ब्लड प्रेशर
BP चेक करने से पहले सही पोजीशन में बैठना जरूरी है। इसके लिए इन बातों का ध्यान रखें—
- कुर्सी पर बैठते समय पीठ को अच्छी तरह सपोर्ट दें और उसे सीधा रखें।
- पैरों को क्रॉस करके या मोड़कर न बैठें। दोनों पैर जमीन पर सीधे और सपोर्टेड होने चाहिए।
- BP मशीन का कफ हृदय के स्तर (Heart Level) पर रखें।
- जिस हाथ में कफ लगाया गया है, उस हाथ को किसी सपोर्ट पर आराम से रखें।
- BP मापते समय बात न करें और शरीर को स्थिर रखें।
- BP चेक करने से करीब 30 मिनट पहले एक्सरसाइज, चाय या कॉफी से बचें।
- रीडिंग लेने से पहले करीब 5 मिनट शांत होकर आराम करें।
- डिजिटल मशीन पर जो रीडिंग दिखाई दे, उसे उसी रूप में नोट करें। उसे अपनी तरफ से राउंड फिगर में न बदलें।
BP मशीन का कफ सही होना क्यों जरूरी?
ब्लड प्रेशर नापने वाली मशीन का कफ अगर आपकी बांह के हिसाब से सही आकार का नहीं है तो रीडिंग प्रभावित हो सकती है। इसलिए कफ खरीदते समय अपनी अपर आर्म के आकार का ध्यान रखना जरूरी है।
कफ की लंबाई कितनी होनी चाहिए?
कफ की लंबाई इतनी होनी चाहिए कि वह बांह के करीब 80 प्रतिशत घेरे को कवर कर सके।
कफ की चौड़ाई कितनी होनी चाहिए?
कफ की चौड़ाई अपर आर्म के कम से कम 40 प्रतिशत हिस्से को घेरने के अनुरूप होनी चाहिए।
कफ कैसे पहनें?
कफ को नंगी बांह पर या बहुत पतले कपड़े के ऊपर लगाया जा सकता है। मोटे कपड़े या कपड़ों की कई परतों के ऊपर कफ लगाने से बचना चाहिए।
इसके अलावा, हर नई रीडिंग से पहले यह सुनिश्चित करें कि कफ पूरी तरह खाली हो।
कितना BP लो माना जाता है?
आम तौर पर 90/60 mmHg या उससे कम BP को लो ब्लड प्रेशर माना जाता है। हालांकि, किसी व्यक्ति के लिए BP का सामान्य स्तर उसकी उम्र, स्वास्थ्य और अन्य परिस्थितियों पर निर्भर कर सकता है। इसलिए केवल एक रीडिंग के आधार पर निष्कर्ष निकालने के बजाय लगातार आने वाली रीडिंग और लक्षणों को ध्यान में रखना जरूरी है।
कितना BP हाई माना जाता है?
ब्लड प्रेशर की अलग-अलग गाइडलाइंस में हाई BP की श्रेणियां कुछ अलग हो सकती हैं। 130/80 mmHg या उससे ऊपर की रीडिंग को कई मेडिकल गाइडलाइंस में बढ़े हुए BP की श्रेणी में रखा जाता है। लगातार ऐसी रीडिंग आने पर डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।
BP कम या ज्यादा होने पर क्या करें?
ब्लड प्रेशर सामान्य से कम या ज्यादा रहने पर शरीर पर अलग-अलग तरह के प्रभाव पड़ सकते हैं। कुछ लोगों में कोई स्पष्ट लक्षण नहीं भी दिखाई देते, इसलिए नियमित और सही तरीके से BP की जांच महत्वपूर्ण है।
अगर घर पर बार-बार BP की रीडिंग असामान्य आ रही है, तो खुद से दवा शुरू या बंद करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लें। डॉक्टर जरूरत के अनुसार दवा, खान-पान, व्यायाम और अन्य लाइफस्टाइल बदलावों की सलाह दे सकते हैं।












