तिलक का भोज खाने के बाद 100 लोग गंभीर रूप से बीमार , गांव में मची अफरातफरी..

बिहार । अरवल के महेंदिया थाना क्षेत्र के बेलसार गांव से बड़ी खबर आ रही है, जहां तिलक समारोह में विषाक्त भोजन खाने से करीब 100 लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। उनमें से कुछ लोगों का इलाज उनके गांव में ही तो कुछ का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बेलसार निवासी सिद्धनाथ साव के बेटे की तिलक औरंगाबाद जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र के नर्सन गांव से आया था।तिलक चढ़ाने के बाद खिलाने-पिलाने का कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसमें तिलक चढ़ाने आए लोगों के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी भोजन का जमकर लुत्फ उठाया। तिलक चढ़ाने के बाद नर्सन के कुछ लोगों को छोड़कर अधिकतर लोग अपने गांव चले गए और ग्रामीण भी अपने घर चले गये। खाना खाने के बाद रात्रि में ही दो-तीन घंटे के बाद ही लोगों को पेट दर्द के साथ कै-दस्त की शिकायत होने लगी।
शुरू में तो लोग इसे सामान्य समझ रहे थे लेकिन देखते ही देखते यह सिलसिला गांव के करीब सैकड़ों लोगों के साथ शुरू हो गया। उसी वक्त कुछ लोग दवा की दुकान, झोलाछाप चिकित्सक, तो कुछ लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दौड़ लगाना शुरू कर दिया। रविवार की सुबह पीएचसी कलेर की टीम भी गांव में कैंप कर दिया और पीड़ित सभी लोगों का इलाज करना शुरू कर दिया। इस तरह की सूचना मिलने के बाद महेंदिया थानाध्यक्ष अमित कुमार पहुंचकर हालात का जायजा लिया। फिलहाल स्थिति सामान्य है।











