पलामू: नक्सलियों ने रोड निर्माण में लगे 8 वाहनों में लगाई आग, कई मजदूरों के साथ की मारपीट

पलामू: माओवादियों ने जमकर उत्पात मचाया है। सड़क निर्माम में लगी आठ गाड़ियों में आग लगा दी है। भाकपा माओवादी ने पलामू में अपनी उपस्थिति दर्ज करने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया है। सड़क निर्माण कार्य में लगे आठ वाहनों को बुधवार की रात आग के हवाले कर दिया। जिससे करोड़ों का नुकसान हुआ है। आगजनी की घटना को हुसैनाबाद और छतरपुर के सीमावर्ती क्षेत्र हरदिया घाटी में अंजाम दिया गया है।
माओवादियों ने जिन गाड़ियों में आग लगाई उनमें जेसीबी, हाइवा, ट्रैक्टर, रोडरोलर जलाए हैं। जलाए गए वाहन प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से छतरपुर के कालापहाड़ होते हुसैनाबाद के महुदंड के रास्ते काररबार तक बन रही सड़क निर्माण में लगे थे। रात 7.30 बजे हथियार बंद नक्सलियों का दस्ता सड़क निर्माण स्थल पर पहुंचा।
घटना स्थल पर पहुंचते ही नक्सलियों ने मुंशी की तलाश की। उसके साथ मारपीट करने लगे। सड़क निर्माण में लगे वाहनों से ही डीजल निकाला और वहां खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी। नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम सुदूरवर्ती इलाके में दिया। पुलिस को घटना की जानकारी देर से मिली। सूचना मिलने पर पुलिस टीम रात में ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गई थी। इलाके की घेराबंदी कर माओवादियों की तलाश की जा रही है। इस घटना को प्रतिबंतिधत नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के नीतीश जी के दस्ता द्वारा अंजाम देने की जानकारी मिल रही है।











