ब्रेकिंग: डुमरी विधानसभा उपचुनाव की तारीख का ऐलान, 5 सितंबर को होगा मतदान, जानें कब आयेगा रिजल्ट

बोकारो: डुमरी विधानसभा में उपचुनाव की तारीख का ऐलान चुनाव आयोग ने कर दिया है। डुमरी विधानसभा में 5 सिंतबर को चुनाव होगा और 8 सितंबर को मतगणना होगी। चुनाव का परिणाम इसी दिन आ जायेगा। मंत्री जगरनाथ महतो के निधन के बाद से यह सीट खाली थी।
डुमरी विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद लंबे समय से चली आ रही चुनाव की चर्चाओं पर विराम लग गया। ध्यान रहे कि नियमों के अनुसार पांच अक्टूबर से पहले चुनाव कराना जरूरी था। चुनाव की घोषणा से मतदान के बीच 45 से 30 दिनों का अंतर होता है।
चुनाव आयोग था पूरी तरह तैयार अब हुआ तारीख का ऐलान
चुनाव की तारीख के ऐलान से पहले ही चुनाव आयोग ने अपनी तैयारी पूरी कर ली थी। वीवी पैड और वोटिंग यूनिट गिरिडीह और बोकारो जिला मुख्यालय में पहुंचा दी गयी है। 1500 वीवी पैड और एक हजार वोटिंग यूनिट की सहायता से चुनाव होगा। चुनाव आयोग पूरी तरह तैयार है। मतदान के दौरान इस्तेमाल होनेवाली स्याही और अन्य आवश्यक चीजों का इंतजाम कर लिया गया है। इस सीट से जगरनाथ महतो के परिवार को कौन टक्कर देगा इसे लेकर तस्वीर अब तक साफ नहीं है। झारखंड मुक्ति मोरचा ने जगरनाथ महतो की पत्नी को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। भाजपा और उसके सहयोगी दल अबतक किसी एक नाम पर फैसला नहीं ले सकें हैं।











