तीर्थ से लौटते ही मौत का तांडव… चलते-चलते आग का गोला बनी कार, 15 मिनट में सब खत्म, 5 जिंदा जले
वैष्णो देवी से लौट रहे परिवार के साथ दिल दहला देने वाला हादसा, एक्सप्रेसवे पर जलती कार में फंसे लोग, एक शख्स 80 प्रतिशत झुलसा

जयपुर: राजस्थान के अलवर जिले से एक ऐसा दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा से लौट रहे एक परिवार की खुशियां महज कुछ मिनटों में मातम में बदल गईं, जब उनकी चलती कार अचानक आग का गोला बन गई।
यह भयावह घटना दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर के पास बुधवार रात हुई। बताया जा रहा है कि कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कार में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी के अनुसार, करीब 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी और अंदर सवार पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
मृतकों में तीन महिलाएं, एक नाबालिग लड़की और एक पुरुष शामिल हैं। सभी मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के चैनपुरा गांव के रहने वाले थे और माता वैष्णो देवी के दर्शन कर घर लौट रहे थे।
हादसे के बाद जो दृश्य सामने आया, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला था। पुलिस के अनुसार, वाहन से केवल कंकाल के अवशेष ही बरामद हुए हैं। शवों की पहचान के लिए डीएनए परीक्षण कराया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। साथ ही यह भी सामने आया है कि वाहन सीएनजी से चलने वाला था, जिससे आग ने और तेजी से विकराल रूप ले लिया और कार में बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला।
इस हादसे में कार चालक विनोद कुमार मेहर किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, लेकिन वह लगभग 80 प्रतिशत झुलस गया है। उसे पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि नियंत्रण कक्ष को रात में घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत टीम मौके पर भेजी गई। घटना की जांच जारी है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि सफर के दौरान छोटी सी लापरवाही किस तरह कुछ ही पलों में जानलेवा बन सकती है।












