Team India पर BCCI का बड़ा फिटनेस फरमान! अब 10 मिनट में 2KM दौड़नी होगी, Bronco Test में भी घटा दिया टाइम

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों के लिए अब फिटनेस टेस्ट पहले से कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण होने वाला है। लगातार फिटनेस और चोट से जुड़ी चिंताओं के बीच BCCI ने खिलाड़ियों के फिटनेस मानकों को सख्त करने का फैसला किया है। नए नियमों के तहत खिलाड़ियों को अब सिर्फ एक नहीं, बल्कि दो कड़े फिटनेस टेस्ट पास करने होंगे।

नए फिटनेस टेस्ट में खिलाड़ियों को Bronco Test के साथ 2 किलोमीटर की दौड़ भी पूरी करनी होगी। खास बात यह है कि दोनों टेस्ट के बीच आराम का ज्यादा समय नहीं मिलेगा, जिससे खिलाड़ियों की फिटनेस का असली इम्तिहान होगा।

10 मिनट में पूरी करनी होगी 2 किलोमीटर दौड़

BCCI के नए फिटनेस मानकों के मुताबिक खिलाड़ियों को 2 किलोमीटर की दौड़ अधिकतम 10 मिनट में पूरी करनी होगी। इसके लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की ओर से करीब 9 से 10 मिनट की समय सीमा तय की गई है।

यानी टीम इंडिया में जगह बनाए रखने वाले खिलाड़ियों को अब मैदान पर अपने प्रदर्शन के साथ-साथ फिटनेस के मोर्चे पर भी खुद को साबित करना होगा।

Bronco Test भी हुआ और मुश्किल

फिटनेस टेस्ट में पहले से शामिल Bronco Test के मानकों को भी कड़ा किया गया है। भारतीय क्रिकेट में इस टेस्ट की शुरुआत एड्रियन ली रॉक्स के कार्यकाल के दौरान हुई थी।

इस टेस्ट में खिलाड़ियों को 60 मीटर तक की दूरी में निर्धारित शटल रन पूरे करने होते हैं। कुल मिलाकर खिलाड़ी करीब 1200 मीटर की दूरी तय करते हैं और यह पूरी प्रक्रिया लगातार बिना आराम के पूरी करनी होती है।

पहले इस टेस्ट के लिए करीब 6 मिनट की समय सीमा थी। अब इसे घटाकर लगभग 5 मिनट 15 सेकेंड से 5 मिनट 20 सेकेंड के बीच कर दिया गया है।

सबसे बड़ी चुनौती: Bronco Test के तुरंत बाद 2KM रन

नए फिटनेस नियमों को मुश्किल बनाने वाली सबसे बड़ी बात इसका क्रम है। खिलाड़ियों को पहले Bronco Test पूरा करना होगा और उसके तुरंत बाद 2 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी।

इसका मतलब साफ है कि सिर्फ तेज दौड़ना पर्याप्त नहीं होगा। खिलाड़ियों को अपनी स्पीड, स्टैमिना और रिकवरी क्षमता तीनों साबित करनी होंगी।

आखिर BCCI ने क्यों कसा शिकंजा?

रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम में खिलाड़ियों की फिटनेस और लगातार चोटिल होने को लेकर चिंताएं सामने आई थीं। इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के दौरान भी खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर सवाल उठे थे और मैदान पर कुछ कैच छूटने के बाद इस मुद्दे ने और जोर पकड़ा।

मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि कुछ खिलाड़ियों को फिटनेस टेस्ट में अपेक्षाकृत आसान मानक दिए गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के स्टाफ ने नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा को पूरी तरह फिट नहीं होने के बावजूद फिटनेस क्लियरेंस दिया था।

हर्षित राणा के वजन पर भी नजर

रिपोर्ट्स के अनुसार तेज गेंदबाज हर्षित राणा का वजन 97 किलोग्राम तक पहुंच गया था। अब उनके लिए वजन को लेकर भी सख्त मानक तय किए जाने की बात सामने आई है। बताया गया है कि उनका वजन 96 किलोग्राम से नीचे रखने का लक्ष्य रखा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close