BREAKING NEWS: समुद्र में मौत का मंजर! 116 लोगों से भरी नाव पलटी, 15 बच्चों समेत 67 को बचाया गया, कई अब भी लापता

राजधानी जॉर्जटाउन से पोर्ट कैटुमा जा रही एमवी बारिमा नौका पोमेरून नदी के पास पलट गई। 15 बच्चों समेत 67 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि लापता यात्रियों की तलाश जारी है।

गुयाना। दक्षिण अमेरिकी देश गुयाना में रविवार को एक बड़ा नाव हादसा हो गया। 116 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रही एमवी बारिमा (MV Barima) नामक यात्री नौका समुद्र में पलट गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि अब तक 15 बच्चों समेत 67 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि कई अन्य लोगों की तलाश जारी है।

रात में बिगड़ा नाव का संतुलन

जानकारी के अनुसार, यह यात्री नौका राजधानी जॉर्जटाउन से पोर्ट कैटुमा जा रही थी। स्थानीय समयानुसार रात करीब 11:01 बजे पोमेरून नदी के पास आयरन पंट क्षेत्र में अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे के तुरंत बाद डिस्ट्रेस कॉल भेजी गई, जिसके बाद प्रशासन और बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं।

बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी

गुयाना के लोक निर्माण मंत्री जुआन एडघिल ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। तटीय क्षेत्रों में मेडिकल टीमों को भी तैनात किया गया है और बचाए गए लोगों का तत्काल इलाज किया जा रहा है।

नौका में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे

अधिकारियों के मुताबिक, नौका में 250 लाइफ जैकेट, दो रिजिड लाइफ राफ्ट और छह इन्फ्लेटेबल लाइफ राफ्ट मौजूद थे। हादसे के बाद इन्हीं सुरक्षा उपकरणों की मदद से कई लोगों की जान बचाई जा सकी।

मृतकों की पुष्टि नहीं, तलाश जारी

फिलहाल अधिकारियों ने किसी भी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। लापता लोगों की सही संख्या भी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। बचाव दल समुद्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा है।

गुयाना के प्रधानमंत्री मार्क फिलिप्स ने कहा कि जब तक हर यात्री का पता नहीं चल जाता, तब तक बचाव अभियान बिना रुके जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close