Cheese Burst Vada Recipe: बाहर से क्रिस्पी, अंदर पिघला चीज़… घर पर बनाएं मुंबई स्टाइल चीज़ बर्स्ट वड़ा

बारिश के मौसम में चाय के साथ चाहिए कुछ खास? ट्राई करें मुंबई स्टाइल चीज़ बर्स्ट वड़ा। जानिए आसान रेसिपी, जरूरी सामग्री और शेफ के खास टिप्स।

Food Recipe: अगर आप शाम की चाय के साथ कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो चीज़ बर्स्ट वड़ा आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है। मुंबई के मशहूर वड़ा पाव का यह नया ट्विस्ट इन दिनों फूड लवर्स के बीच काफी पसंद किया जा रहा है। इसकी खासियत है कि बाहर से यह सुनहरा और कुरकुरा होता है, जबकि अंदर मसालेदार आलू के साथ पिघला हुआ चीज़ हर बाइट को बेहद लाजवाब बना देता है।

बारिश के मौसम में गर्मागर्म चाय के साथ यह स्नैक आपकी शाम को और भी खास बना सकता है। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।


चीज़ बर्स्ट वड़ा बनाने के लिए जरूरी सामग्री

स्टफिंग के लिए

  • 1 बड़ा चम्मच तेल
  • 1 छोटा चम्मच राई
  • 1 छोटा चम्मच जीरा
  • 8–10 करी पत्ते
  • 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
  • 2 बारीक कटी हरी मिर्च
  • ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
  • 4–5 उबले हुए आलू (मैश किए हुए)
  • स्वादानुसार नमक
  • 1 छोटा चम्मच नींबू का रस
  • बारीक कटा हरा धनिया
  • जरूरत अनुसार चीज़ सॉस या चीज़ क्यूब्स

बैटर के लिए

  • 1 कप बेसन
  • 1 छोटा चम्मच अजवाइन
  • स्वादानुसार नमक
  • जरूरत अनुसार पानी
  • तलने के लिए तेल

टिप: अगर ज्यादा लोगों के लिए बना रहे हैं, तो सामग्री की मात्रा उसी अनुसार बढ़ा लें।


घर पर ऐसे बनाएं चीज़ बर्स्ट वड़ा

स्टेप 1: तैयार करें आलू की स्टफिंग

एक पैन में तेल गर्म करें। इसमें राई, जीरा और करी पत्ता डालकर तड़काएं। फिर अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें।

स्टेप 2: आलू में मिलाएं मसाले

अब हल्दी और मैश किए हुए आलू डालकर अच्छी तरह मिलाएं। स्वादानुसार नमक, नींबू का रस और हरा धनिया डालकर मिश्रण तैयार करें और ठंडा होने दें।

स्टेप 3: बैटर बनाएं

एक बाउल में बेसन, अजवाइन और नमक मिलाएं। धीरे-धीरे पानी डालते हुए गाढ़ा और स्मूद घोल तैयार करें। इसे 10 मिनट के लिए ढककर रख दें।

स्टेप 4: चीज़ बर्स्ट वड़ा तैयार करें

आलू के मिश्रण की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। बीच में चीज़ सॉस या चीज़ का टुकड़ा रखें और चारों तरफ से बंद करके गोल या हल्का चपटा आकार दें।

स्टेप 5: सुनहरा होने तक तलें

तैयार वड़ों को बेसन के घोल में डुबोकर गर्म तेल में मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। फिर अतिरिक्त तेल निकालने के लिए टिश्यू पेपर पर रखें।


ऐसे करें सर्व

गरमा-गरम चीज़ बर्स्ट वड़ा को हरी चटनी, मीठी इमली की चटनी या टोमैटो सॉस के साथ परोसें। चाहें तो इसे पाव के बीच रखकर चीज़ बर्स्ट वड़ा पाव का भी मजा ले सकते हैं।


परफेक्ट चीज़ बर्स्ट वड़ा बनाने के खास टिप्स

  • ज्यादा चीज़ी स्वाद के लिए चीज़ क्यूब्स का इस्तेमाल करें।
  • बैटर न ज्यादा पतला रखें और न ही बहुत गाढ़ा।
  • वड़ों को हमेशा मध्यम आंच पर तलें, ताकि वे अंदर तक अच्छी तरह पक जाएं।
  • कुरकुरापन बढ़ाने के लिए बैटर में एक चुटकी चावल का आटा भी मिला सकते हैं।
  • तलने के तुरंत बाद गर्मागर्म सर्व करें, ताकि अंदर का चीज़ अच्छी तरह पिघला हुआ मिले।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close