सरकारी शराब दुकान के ठेकेदार वसूल रहे मनमाने पैसे..विभाग मौन

गढ़वा जिला के भवनाथपुर के सरकारी शराब दुकान पर लूट मची हुई है। उत्पाद विभाग के पदाधिकारी एवं ठेकेदार की मिलीभगत से खुलेआम प्रति बोतल 10 से 20 रु अधिक उगाही की जा रही है। इनकी निडरता इतनी बढ़ गयी है कि ग्राहक द्वारा बिल मांगने पर सेल्समैन शराब के बोतल पर अंकित मूल्य , कितना नगद लिया और उसमे कमीशन कितना लिया इन सभी विवरण को हस्ताक्षरयुक्त चुटके पर दे रहे हैं। ग्राहकों की ओर से मूल्य से अधिक कीमत चुकाने में आनाकानी करने पर कंपनी के कर्मी उन्हें दुकान से बैरंग वापस लौटा देते हैं।
स्थानीय लोगों को नकली शराब से मुक्ति दिलाने व सरकार द्वारा तय मूल्य पर शराब उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शराब दुकान निजी से सरकारी किया गया। लेकिन सरकारी शराब दुकान में फिर से वही मनमानी शुरू हो चुकी है। कमोवेश इस तरह की घटनाएं राज्यभर में घटित हो रही हैं, इसके बाद भी विभाग मौन है।
बता दें कि इस मामले को लेकर पूर्व में भी अंग्रेजी शराब में तय मूल्य से अधिक राशि वसूली करने के मामले सामने आए। किन्तु विभागीय उदासीनता के कारण मामलों की लीपापोती कर दी जाती है एवं इनकी मनमानी पुनः बढ़ जाती है। इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक गढ़वा निर्मल कुमार ने मामले को देखने की बात कही।











