झारखंड : रांची में गैस माफियाओं पर गिरी गाज…प्रशासन की छापेमारी से मचा हड़कंप…रंगे हाथ पकड़ी गई कालाबाजारी
Jharkhand: Crackdown on Gas Mafia in Ranchi... Administrative Raids Spark Panic... Black Marketeers Caught Red-Handed.

रांची: रांची LPG कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एदलहातु इलाके में छापेमारी की। इस दौरान अधिकारियों ने घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और रीफिलिंग का गोरखधंधा उजागर किया।
छापेमारी में इंडेन कंपनी के 14.2 किलोग्राम के 3 भरे और 2 खाली सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा 14.2 किलोग्राम का एक भरा हुआ एचपी सिलेंडर, इंडेन का 5 किलोग्राम का खाली सिलेंडर और 19.2 किलोग्राम के 2 कमर्शियल गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए। मौके से गैस रीफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद हुए हैं।
दरअसल, प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि एक किराए के मकान में घरेलू सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरकर उसकी कालाबाजारी की जा रही है। शुरुआती जांच में इस पूरे नेटवर्क के सक्रिय होने की पुष्टि हुई है।
बताया जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और होर्मुज स्ट्रेट में आपूर्ति बाधित होने के कारण देश में गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग अवैध तरीके से सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहे थे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।












