Jharkhand Crime: बेटी की मौत के बाद झाड़-फूंक में लिया नाम, अंधविश्वास में युवक की टांगी से हत्या; 5 आरोपी गिरफ्तार
पलामू जिले में अंधविश्वास के चलते एक युवक की टांगी से काटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के चाचा, चाची, चचेरे भाई समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।झारखंड के पलामू में अंधविश्वास के चलते युवक की टांगी से काटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के चाचा, चाची समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पलामू। झारखंड में एक बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। पलामू जिले में अंधविश्वास के चलते एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उंटारी रोड थाना क्षेत्र के लकड़ही टोला में चनका रजवार की टांगी से काटकर हत्या कर दी गई, जबकि उनकी पत्नी दुर्गा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने मामले में मृतक के चाचा, चाची, चचेरे भाई समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बेटी की मौत के बाद झाड़-फूंक में लिया गया था नाम
पुलिस ने बताया कि 2 जुलाई को प्रभु रजवार की आठ वर्षीय बेटी की मौत हो गई थी। बेटी की मौत के बाद प्रभु रजवार कथित तौर पर झाड़-फूंक कराने एक भगत के पास गया। वहां भगत ने बच्ची की मौत के लिए पड़ोस में रहने वाली ललिता देवी और चनका रजवार की पत्नी दुर्गा देवी को जिम्मेदार बताया।इसी के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया।
बहस के बाद परिवार पर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात इसी विवाद को लेकर प्रभु रजवार और चनका रजवार के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि इसके बाद प्रभु रजवार ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर चनका रजवार के परिवार पर हमला कर दिया।हमले के दौरान चनका रजवार पर टांगी से वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी दुर्गा देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
चाचा-चाची समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभु रजवार, झुबली देवी, विमलेश रजवार, गुड्डन रजवार और सीताराम रजवार को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
SDPO बोले- अंधविश्वास में हुई वारदात
विश्रामपुर के एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला अंधविश्वास से जुड़ा सामने आया है। पुलिस ने हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।









