छत्तीसगढ़ की इन अनछुई जगहों को बनाएं अपना अगला डेस्टिनेशन – एक दिन में लें प्राकृतिक सौंदर्य का भरपूर आनंद

बस्तर (छत्तीसगढ़): यदि आप भी एक दिन की यात्रा की योजना बना रहे हैं और ऐसी जगह की तलाश में हैं जहाँ सुबह निकलकर शाम तक वापस आया जा सके, तो छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले की कुछ खास जगहें आपके लिए परफेक्ट साबित हो सकती हैं। ये न केवल प्राकृतिक रूप से समृद्ध हैं, बल्कि जेब पर भी भारी नहीं पड़तीं। कपल्स के लिए भी ये एक बेहतरीन वीकेंड गेटवे बन सकती हैं।
चित्रकोट जलप्रपात – भारत का ‘नियाग्रा फॉल्स’

छत्तीसगढ़ के इस झरने को अक्सर ‘भारत का नियाग्रा’ कहा जाता है। खासतौर पर शाम के समय जब सूर्य की रोशनी गिरते पानी से टकराती है, तो दृश्य बेहद मनमोहक हो जाता है। यहाँ आप बोटिंग का मज़ा ले सकते हैं, हालाँकि बारिश के मौसम में पानी का बहाव अधिक होने पर बोटिंग बंद कर दी जाती है। रायपुर से यहां पहुँचने में लगभग 5 घंटे लगते हैं, जिससे यह एक परफेक्ट डे ट्रिप बन जाती है।
कैलाश और कुटुमसर गुफाएँ – प्रकृति की रहस्यमयी रचना

अगर आप एडवेंचर और कुछ अलग अनुभव की तलाश में हैं, तो बस्तर की कुटुमसर गुफाएँ ज़रूर जाएँ। ये प्राकृतिक गुफाएँ हैं, जो पानी के बहाव से चट्टानों में बनी हैं। अंदर जाने के लिए 100 से ज्यादा सीढ़ियाँ उतरनी पड़ती हैं, और वहां बिजली की व्यवस्था नहीं है। इसलिए गाइड्स टॉर्च की रोशनी में आपको अंदर ले जाते हैं। ये गुफाएँ कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के भीतर स्थित हैं और लगभग 330 मीटर लंबी हैं। रोमांच से भरपूर यह स्थान प्रकृति और इतिहास दोनों का अद्भुत मिश्रण है।
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान – प्रकृति की गोद में विश्राम

बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर से 24 किलोमीटर दूर स्थित यह राष्ट्रीय उद्यान छत्तीसगढ़ के सबसे सुंदर प्राकृतिक स्थलों में से एक है। यहाँ की हरियाली, झरने, दुर्लभ वन्यजीव और शांति आपको मंत्रमुग्ध कर देगी। यदि आप प्रकृति से सच्चा लगाव रखते हैं, तो यह स्थान आपके लिए स्वर्ग के समान है।
तो इस सप्ताहांत, शहरी भीड़भाड़ और भागदौड़ से दूर, छत्तीसगढ़ के बस्तर में बिताएं एक दिन – जहां हर मोड़ पर प्रकृति मुस्कुराती है और हर जगह सुकून की फुहार मिलती है।












