मच्छर की वजह से 900 से ज्यादा बीमार, बिहार-झारखंड में इस बीमारी ने मचाया हड़कंप, अस्पतालों में जमीन पर इलाज कराने को मरीज हैं मजबूर

रांची/पटना। बिहार-झारखंड में इन दिनों मच्छर ने कोहराम मचा दिया है। मच्छरों से फैलने वाला डेंगू ने दोनों राज्य में अब तक 900 से ज्यादा मरीजों को अपनी चपेट में ले चुका है। बिहार की राजधानी पटना और भागलपुर के अलावे झारखंड के जमशेदपुर-रांची सहित कई जिलों में डेंगू के काफी मरीज आ रहे हैं। अकेले जमशेदपुर में ही 400 से ज्यादा डेंगू के मरीज हैं, वहीं पटना में ही 100 से ज्यादा डेंगू के मरीज मिले हैं। वहीं भागलपुर में भी डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 100 के करीब पहुंच गयी है।
झारखंड में डेंगू लगातार पांव पसार रहा है। आलम ऐसा है कि पिछले दो महीनों में डेंगू के मरीजों की संख्या में 10 गुना वृद्धि हुई है वहीं अब तक चार लोगों की मौत भी हो गयी है। डेंगू के बढ़ते प्रकोप को लेकर प्रदेश का स्वास्थ्य महकमा अलर्ट है। झारखंड की राजधानी रांची में अब तक 56 मरीजों को चिन्हित किया जा चुका है। राज्य में जमशेदपुर की स्थिति सबसे खतरनाक बनी हुई है जहां पर चार लोगों की मौत हो गई है जबकि 478 मरीज जमशेदपुर में अब तक चिन्हित किया जा चुके हैं।
सरायकेला में 40, साहिबगंज में 30, पश्चिमी सिंहभूम में 6, पलामू में 12, बोकारो में 4, चतरा में 6, देवघर में 8, धनबाद में 4, दुमका में 2, गढ़वा में 4, गिरिडीह में 8, गुमला में 3, हजारीबाग में 6, जामताड़ा और कोडरमा में एक-एक मरीज चिन्हित किए गए हैं. इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है और सभी जिला के उपायुक्तों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है.
भागलपुर के मायागंज अस्पताल में 100 से ज्यादा मरीज पहुंचे हुए हैं। एक वीडियो सामने आया है, जिसमें मरीज बेड न मिलने की वजह से ब्लड बैंक के सामने जमीन पर लेटे हुए नजर आ रहे हैं। अस्पताल का कॉरिडोर मरीजों से खचाखच है. दीवाल के सहारे स्लाइन चढ़ाई जा रही है। मायागंज में 50 बेड डेंगू मरीजों के लिए रखा गया था, लेकिन संख्या बढ़ जाने की वजह से जमीन पर ही लिटाकर इलाज हो रहा है।
राजधानी पटना की बात करें तो सरकारी अस्पतालों के अलावे कई मरीज निजी अस्पताल में भर्ती कराये गये हैं। इधर स्वास्थ्य विभाग ने सभी पीएचसी और स्वास्थ्य केंद्रों पर डेंगू का रैपिड एंटीजन किट का प्रबंध कर दिया गया है. किट में पॉजीटिव आने पर एलाईजा टेस्ट कराया जा रहा है. जो कंफर्मेटरी माना जाता है. एलाईजा टेस्ट की सुविधा सभी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपलब्ध है. इसके अलावा आरएमआरआई सेंटर और न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल में भी यह सुविधा उपलब्ध है। लेकिन मरीजों की बढ़ती संख्या ने विभाग को परेशान कर दिया है।












