OH MY GOD! पत्नी से फोन पर हुआ झगड़ा तो पिता ने उठाया खौफनाक कदम, 6 साल के बेटे को उफनती रावी में फेंका

Chamba: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. पत्नी से हुए विवाद के बाद एक पिता ने कथित तौर पर अपने ही 6 साल के मासूम बेटे को उफनती रावी नदी में फेंक दिया. घटना चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित परेल पुल के पास की बताई जा रही है.
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद पुलिस हेल्पलाइन 112 पर फोन कर वारदात की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, नदी में गिरे बच्चे की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
पत्नी से फोन पर हुआ विवाद, फिर खो बैठा आपा
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी की पहचान 30 वर्षीय हितेश कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी करीब एक महीने से अपने मायके अमृतसर में रह रही थी. वह अपने साथ करीब साढ़े तीन साल के छोटे बेटे को भी ले गई थी.
वहीं, 6 साल का बड़ा बेटा गगनदीप अपने पिता के साथ परेल में रह रहा था.
सोमवार रात करीब 8 बजे हितेश की अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत हुई. बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर हितेश ने अपने मासूम बेटे को लेकर एक बेहद खौफनाक कदम उठा लिया.
पुल पर ले गया और नदी में फेंक दिया
पुलिस के अनुसार, पत्नी से विवाद के बाद हितेश अपने 6 साल के बेटे को लेकर परेल पुल पहुंचा. आरोप है कि यहां उसने बच्चे को रावी नदी के तेज बहाव में फेंक दिया.
घटना के बाद आरोपी वापस लौट गया. मंगलवार सुबह उसने खुद पुलिस के 112 हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी.
कमरे में नहीं मिला बच्चा, फिर खुली पूरी कहानी
शुरुआत में पुलिस को आरोपी की बात संदिग्ध लगी. इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. जब हितेश के किराये के कमरे की तलाशी ली गई तो वहां बच्चा मौजूद नहीं था.
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब नदी में बच्चे की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है.
उफनती रावी में मासूम की तलाश जारी
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पुलिस और बचाव दल रावी नदी के तेज बहाव में बच्चे की तलाश कर रहे हैं.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद के अलावा कोई अन्य वजह भी थी या नहीं.












