दो महिला सिपाही सस्पेंड : लट्ठमार महिला सिपाही ने बुजुर्ग शिक्षक पर बरसाये दनादन डंडे, वायरल हुए वीडियो के बाद हुई सस्पेंड

कैमूर। लट्ठमार महिला सिपाही सस्पेंड हो गयी है। दोनों महिला सिपाही का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था, जिसमें वो दोनों एक बुजुर्ग शिक्षक की लाठी से पिटाई कर रही थी। बुजुर्ग टीचर बार-बार पूछ रहे कि मेरी गलती क्या है, ये तो बताइए…मैं तो साइकिल से सड़क पार कर रहा था, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने उनकी एक न सुनी। दनादन लाठियां टीचर पर चलाती रहीं। डर कर कोई रोकने तक नहीं आया।
65 साल के टीचर को डंडा मारती दोनों लेडी कॉन्स्टेबल का वीडियो शनिवार को सामने आया है। इधर मीडिया में खबरें आने के बाद अब पुलिस ने कार्रवाई भी कर दी है। एसपी ललित मोहन शर्मा के अनुसार नंदिनी कुमारी और जयंती कुमारी नाम की दोनों महिला कांस्टेबल को 3 माह के लिए सस्पेंड कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक बरहुली गांव निवासी नवल किशोर पांडेय डीपीएस (धमेंद्र पब्लिक स्कूल) में टीचर हैं। स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। मंडल कारागार से पास सड़क पर जाम लगा था। दो महिला पुलिसकर्मी जाम खुलवाने में लगी थीं। एक लेन का ट्रैफिक बंद था। इसी दौरान बुजुर्ग शिक्षक पैदल ही सड़क पार करने की कोशिश करने लगे। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। फिर दोनों महिला पुलिसकर्मी बुजुर्ग पर लाठियां लेकर टूट पड़ीं। शिक्षक का आरोप है कि दोनों महिला सिपाहियों ने 20 से अधिक डंडे मारे। एक सज्जन ने कहा-छोड़ दो, तब जाकर छोड़ा। वो बोल रही थीं कि गालियां दी हैं, जबकि मैंने कुछ नहीं कहा था।











