VIDEO- आरती करते-करते थम गई पुजारी की सांसें: मंदिर में गूंज रहे थे जयकारे, तभी आया हार्ट अटैक; इंद्रपुरी मंदिर में संध्या आरती के दौरान हुई दर्दनाक घटना
रांची के रातू रोड स्थित इंद्रपुरी मंदिर में संध्या आरती के दौरान आचार्य रजनी कांत मिश्रा को हार्ट अटैक आया। श्रद्धालुओं के सामने ही वे गिर पड़े और अस्पताल पहुंचने से पहले उनका निधन हो गया।

Ranchi Priest Heart Attack। राजधानी रांची के रातू रोड स्थित इंद्रपुरी (रोड नंबर-9) मंदिर में एक ऐसा दर्दनाक दृश्य देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद हर श्रद्धालु की आंखें नम कर दीं। मंदिर में भगवान की संध्या आरती चल रही थी, घंटियों की मधुर ध्वनि और भक्तों के जयकारों से पूरा परिसर गूंज रहा था। इसी बीच मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य रजनी कांत मिश्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे पूजा करते-करते वहीं गिर पड़े।कुछ क्षणों के लिए किसी को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। श्रद्धालु दौड़कर उनकी ओर पहुंचे। मंदिर में अफरा-तफरी मच गई और आरती का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया।
रांची : रातू रोड स्थित इन्द्रपूरी रोड न 9 में मंदिर के आचार्य रजनी कांत मिश्रा का आरती के दौरान अचानक हार्ट अटैक आ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुजारी नियमित रूप से संध्या आरती कर रहे थे. इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और वे पूजा स्थल पर ही गिर पड़े.
मंदिर में स्थानीय… pic.twitter.com/HRsZdBvD6Y— Prabhat Khabar (@prabhatkhabar) July 13, 2026
बचाने की हर कोशिश नाकाम रही
पुजारी की जैसे ही तबीयत बिगड़ी, स्थानीय लोगों और मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने बिना समय गंवाए आचार्य रजनी कांत मिश्रा को तुरंत अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश सिंह सहित कई लोगों ने उन्हें जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई देता है कि आचार्य पूरी श्रद्धा के साथ आरती कर रहे हैं और अचानक अचेत होकर नीचे गिर पड़ते हैं। इस घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
मंदिर में पसरा सन्नाटा
आचार्य रजनी कांत मिश्रा लंबे समय से मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे थे और क्षेत्र के लोगों के बीच उनका विशेष सम्मान था। उनके अचानक निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे। जहां कुछ देर पहले भक्ति का वातावरण था, वहीं अब हर ओर गहरा सन्नाटा और शोक का माहौल था। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।








