सितंबर में रायपुर में होने वाला है कुछ बड़ा! CM साय की अहम बैठक के बाद उद्योग जगत में बढ़ी हलचल
14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर की तैयारियों पर मुख्यमंत्री से हुई चर्चा, एमएसएमई, निवेश और रोजगार को लेकर बड़ा संदेश

रायपुर:
क्या छत्तीसगढ़ अब देश का नया इंडस्ट्रियल हब बनने की ओर बढ़ रहा है? राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ हुई एक अहम बैठक के बाद ऐसे संकेत मिल रहे हैं। इस मुलाकात में सितंबर में आयोजित होने वाले 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (IIF) की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसे प्रदेश के उद्योग जगत के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री निवास में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात कर 18, 19 और 20 सितंबर को रायपुर में होने वाले राष्ट्रीय स्तर के इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे बड़े औद्योगिक आयोजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) को नई ताकत देंगे। उन्होंने कहा कि इससे निवेश बढ़ेगा, नई तकनीकों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। राज्य सरकार उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने और प्रक्रियाओं को आसान बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लघु उद्योग भारती देश में लघु उद्यमियों का सबसे बड़ा संगठन है और यह आयोजन देशभर के उद्यमियों, निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों और तकनीकी संस्थानों को एक मंच पर लाएगा। यहां बी2बी नेटवर्किंग, नई तकनीकों, निवेश, मार्केटिंग और व्यापार विस्तार के कई अवसर उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि रायपुर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर होने वाला यह आयोजन छत्तीसगढ़ के एमएसएमई सेक्टर को नई पहचान देगा और स्थानीय उद्योगों को राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का सुनहरा मौका मिलेगा।
बैठक में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र गुप्त, संयुक्त महासचिव नरेश पारख, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समीर, प्रांत अध्यक्ष सी. पी. दुबे सहित पुरुषोत्तम पटेल, अनिल बाकलीवाल, तूलिका पांडे और प्रांजल सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे।









