फ्राइड चिकन का एक टुकड़ा बना मुसीबत! अंदर मिली ऐसी चीज कि कपल ने Popeyes पर ठोक दिया 13 करोड़ का मुकदमा

New York: अमेरिका के ह्यूस्टन में मशहूर फ्राइड चिकन रेस्टोरेंट चेन Popeyes को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक कपल ने आरोप लगाया है कि उन्हें फ्राइड चिकन के एक पीस के अंदर कंडोम जैसी दिखने वाली संदिग्ध चीज मिली। मामला इतना बढ़ गया कि अब कपल ने रेस्टोरेंट और उसकी पैरेंट कंपनी के खिलाफ अदालत में मुकदमा दायर कर दिया है।
कपल ने इस मामले में 1.5 मिलियन डॉलर से ज्यादा यानी करीब 12-13 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है।
चिकन खाते वक्त अंदर दिखी अजीब चीज
रिपोर्ट के मुताबिक, जस्टिन हावर्ड और डेनियल मैकिनॉन ने 25 जुलाई 2026 को ह्यूस्टन के एक Popeyes आउटलेट से फ्राइड चिकन खरीदा था। शुरुआत में चिकन बिल्कुल सामान्य नजर आया। लेकिन खाते समय जस्टिन को चिकन के एक पीस के अंदर कुछ अजीब दिखाई दिया।
कपल का दावा है कि वह चीज कंडोम जैसी नजर आ रही थी और चिकन के अंदर फंसी हुई थी। इसे देखकर दोनों घबरा गए और उन्होंने खाना तुरंत बंद कर दिया। उनका कहना है कि अगर वह संदिग्ध वस्तु गलती से निगल ली जाती तो स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान हो सकता था।
शिकायत लेकर पहुंचे तो कर्मचारियों पर लगाया ये आरोप
घटना के बाद कपल उसी रेस्टोरेंट में शिकायत लेकर पहुंचा। उनका आरोप है कि कर्मचारियों ने उनकी शिकायत को गंभीरता से लेने के बजाय कथित तौर पर हंसी-मजाक किया।
कपल के मुताबिक, मैनेजमेंट ने मामले की तत्काल जांच करने के बजाय उन्हें चिकन बदलकर देने की कोशिश की। बाद में काफी बातचीत के बाद उन्हें पैसे वापस किए गए।
अब Popeyes और पैरेंट कंपनी के खिलाफ केस
मामले के बाद कपल ने Popeyes और उसकी पैरेंट कंपनी Restaurants Brands International के खिलाफ अदालत का रुख किया। मुकदमे में खाने की सुरक्षा, साफ-सफाई, कर्मचारियों की हाइजीन, खाना तैयार करने की प्रक्रिया और क्वालिटी कंट्रोल में कथित लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं।
कपल ने मुकदमे में 1.5 मिलियन डॉलर से ज्यादा मुआवजे की मांग की है। इसमें कथित शारीरिक परेशानी, मानसिक तनाव, मेडिकल और हेल्थकेयर खर्च, काम से हुए नुकसान समेत अन्य खर्च शामिल हैं।
कंपनी की ओर से अभी कोई सार्वजनिक जवाब नहीं
रिपोर्ट के अनुसार, मामले को लेकर Popeyes और उसकी पैरेंट कंपनी की ओर से रिपोर्ट लिखे जाने तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
फिलहाल यह मामला अदालत में है और कपल की ओर से लगाए गए आरोपों की कानूनी प्रक्रिया के दौरान जांच होगी। इसलिए चिकन में मिली संदिग्ध चीज को लेकर लगाए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।












