…और श्रवण बन गया साहिल : युवक की मां का पड़ोसी लड़की पर आरोप, प्यार में फंसाकर भगा ले गयी, फिर ब्रेन वाश कर धर्म परिवर्तन कराया, थाने में शिकायत

सीवान। अंजू का पाकिस्तान भागकर इस्लाम धर्म कबूल करने का मामला सुर्खियों में चल ही रहा है, कि बिहार में भी युवती के प्यार में युवक के इस्लाम धर्म कबूल करने का मामला सामने आया है। युवक के परिजनों का आरोप है कि युवती ने उसके बेटे का ब्रेन वाश कर उसे इस्लाम धर्म कबूल करवा दिया। युवक का नाम श्रवण है, जो इस्लाम धर्म कबूल कर साहिल अली बन गया है।
युवक का 7 महीने से परिजनों से कोई संपर्क नहीं है। इधर, श्रवण की मां नैना ने पड़ोस की युवती पर गंभीर आरोप लगाये हैं। नैना देवी ने यह भी बताया कि युवती ने मेरे बेटे का आधार कार्ड में नाम चेंज करवाने के साथ उसका मुस्लिम लुक वाला फ़ोटो भी सोशल मीडिया पर डाल दिया। महिला ने बताया कि उनका बेटा पहले हिंदू धर्म के अनुसार पूजा पाठ करता था, लेकिन अब वह मुसलमानों वाले रूप में ढल गया है।
मामला मैरवा नगर के मिसकरहि मोहल्ले का है। युवक 25 दिसंबर 2022 से गायब है। पड़ोस में रहने वाली युवती पर उसे भगाकर ले जाने का आरोप लगा है। लड़के की मां सात महीने से अपने बेटे को खोज रही है। वहीं, करीब 20 दिन पहले उसने अपने बेटे की एक फोटो देखी, जिसमें उसने दाढ़ी बढ़ा ली है और इस्लामिक टोपी पहनी हुई है। इस मामले में 13 जुलाई को थाना में आवेदन भी दिया गया है। युवक की मां का कहना है कि उसका बेटा शिव भक्त था, लेकिन उसे झांसा देकर इस्लाम धर्म कबूल करवा दिया। युवक ने एक वीडियो भी जारी किया है।
इधर, युवक ने वीडियो जारी कर कहा है कि उसने अपनी मर्जी से इस्लाम कबूल किया है। न मुझपर किसी का दबाव है, न कोई ऐसी बात है। मुझे न तो अपने घरवालों से मतलब है, न किसी लड़की से मतलब है। मैंने अपनी मर्जी से इस्लाम कबूल किया है। नैना देवी ने बताया कि 25 दिसंबर 2022 को मेरे बेटे को ले जाने के कुछ दिनों बाद युवती अकेले ही अपने घर आ गई। मैंने जब अपने बेटे के बारे में पूछा तो युवती और उसके परिजन झगड़ा करने पर उतारू हो गए।
युवक की मां का आरोप है कि सात महीने से उसके बेटे का कोई पता नहीं था, अचानक से एक दिन उसने बेटे का मुस्लिम वेषभूषा में फोटो देखा, तो हैरान रह गयी। अब युवक की मां सदमे में है और बेटे को वापस लाने की गुहार लगा रही है।












