सावधान! पेट के बल सोना बना सकता है ‘साइलेंट किलर’ सिर्फ रीढ़ नहीं, चेहरे की सुंदरता भी तबाह कर देता है

अगर आप भी पेट के बल सोकर आराम महसूस करते हैं, तो यह खबर आपके लिए चेतावनी है। विशेषज्ञों के अनुसार यह नींद की सबसे ख़तरनाक मुद्रा है, जो न सिर्फ गर्दन और पीठ के लिए बल्कि आपकी सांस, त्वचा और चेहरे की खूबसूरती तक को बर्बाद कर सकती है।
रीढ़ की हड्डी पर ‘छिपा हुआ प्रेशर अटैक’
पेट के बल सोने से शरीर का ज़्यादातर भार धड़ पर आ जाता है। इससे रीढ़ की प्राकृतिक बनावट बिगड़ जाती है, पीठ झुक जाती है और सुबह उठते ही अकड़न या तेज दर्द महसूस हो सकता है। लंबे समय तक यह मुद्रा अपनाने से कमर के निचले हिस्से की नसें और मांसपेशियां कमजोर पड़ने लगती हैं।
गर्दन और नसों पर पड़ता है असर
इस स्थिति में सांस लेने के लिए सिर को एक ओर मोड़ना पड़ता है, जिससे गर्दन की नसों पर दबाव बढ़ जाता है। नतीजा— लगातार रहने वाला दर्द, झनझनाहट, सुन्नपन या कंधों में फैलता हुआ खिंचाव। डॉक्टर बताते हैं कि यह धीरे-धीरे सर्वाइकल स्पाइन को स्थायी नुकसान पहुंचा सकता है।
सांस लेने की प्रक्रिया होती है बाधित
पेट के बल लेटने पर छाती सिकुड़ जाती है और फेफड़े पूरी तरह फैल नहीं पाते। इससे शरीर को ऑक्सीजन की कमी होती है, जिसके चलते नींद के बाद भी थकान बनी रहती है। अस्थमा या स्लीप एपनिया से जूझ रहे लोगों के लिए यह और भी ज़्यादा खतरनाक साबित हो सकता है।
झुर्रियां और चेहरे की चमक गायब
तकिए पर चेहरे का दबाव त्वचा की लोच खत्म कर देता है। धीरे-धीरे चेहरे पर समय से पहले झुर्रियां, दाग-धब्बे और सूजन दिखने लगती है। यानी पेट के बल सोना सिर्फ शरीर नहीं, आपकी खूबसूरती पर भी हमला करता है।
शिशुओं के लिए जानलेवा
विशेषज्ञों ने चेताया है कि शिशुओं को पेट के बल सुलाना कभी नहीं चाहिए। इससे अचानक शिशु मृत्यु सिंड्रोम (SIDS) का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
डॉक्टर की चेतावनी
फोर्टिस अस्पताल, फरीदाबाद के निदेशक व पल्मोनोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. रवि शेखर झा कहते हैं —
“पेट के बल सोना शरीर के लिए दीर्घकालिक खतरा है। यह रीढ़, गर्दन, सांस और त्वचा — सभी पर बुरा असर डालता है। सबसे सुरक्षित और सेहतमंद तरीका है पीठ या करवट लेकर सोना।”












