डुमरी महासंग्राम : जैप, IRB के 1440 जवानों की होगी प्रतिनियुक्ति, डुमरी उपचुनाव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

रांची : डुमरी विधानसभा उपचुनाव को लेकर 5 सिंतबर को वोटिंग होनी है. इसे लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं.
झारखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जैप, आईआरबी और एसआईआरबी के 1440 जवानों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. जैप, आईआरबी और एसआईआरबी के सभी वाहिनियों से कुल 20 इको कंपनी का गठन किया गया है.
सभी इको कंपनी में 72 जवान होंगे. इसे लेकर डीआईजी जैप के द्वारा सभी वाहिनी के कमांडेंट को आदेश दिया गया है कि अपने-अपने वाहिनी मुख्यालय में सभी सुरक्षा उपकरण, मैन पैक, मेडिकल किट और मेस व्यवस्था के साथ तैयार रहेंगे. ताकि अल्प सूचना पर चुनाव ड्यूटी के लिए प्रस्थान कराया जा सके.
गौरतलब है कि बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड में 129 और चंद्रपुरा प्रखंड में 45 मतदान केंद्रों में 5 सितंबर को मतदान होगा. चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से कराने के लिए कुल 27 सेक्टर बोकारो जिले में बनाया गया है. जिसमें 20 सेक्टर नावाडीह और 7 सेक्टर चंद्रपुरा में है. इसके अलावा 17 कलस्टर भी बनाए गए हैं।
50 फीसदी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग
कुल 174 मतदान केंद्रों को 3 जोन में बांटा गया है. दो जोन नावाडीह और 1 जोन चंद्रपुरा प्रखंड में बनाया गया है. मतदान के दिन 50 फीसदी मतदान केंद्रों में वेबकास्टिंग कराने की तैयारी की जा रही है. जिससे कि जिला और चुनाव आयोग इसकी मॉनिटरिंग कर सके. बूथों की संवेदनशीलता को देखते हुए फोर्स की तैनाती की जाएगी, ताकि निष्पक्ष रूप से चुनाव हो सके.












