झारखंड: ATM बंद और KYC अपडेट के नाम पर करोड़ों की ठगी का खेल! देशभर में लोगों को बनाते थे निशाना, छापेमारी में मोबाइल, सिम, ATM कार्ड और बाइक बरामद; नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, KYC और ATM अपडेट के नाम पर ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार

जामताड़ा। झारखंड के जामताड़ा में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर अपराध थाना की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर ATM कार्ड बंद होने और KYC अपडेट के नाम पर लोगों से ठगी करने का आरोप है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम दां (26), जय कुमार दास (23) और हेमंत दास (34) के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनाबाद गांव और मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने उनके कब्जे से 6 मोबाइल फोन, 8 सिम कार्ड, 2 ATM कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
ऐसे लोगों को बनाते थे शिकार
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी विक्रम दां बैंक ऑफ इंडिया का ATM कार्ड बंद होने और KYC अपडेट कराने के नाम पर लोगों को फोन कर उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करता था।
वहीं जय कुमार दास और हेमंत दास कथित तौर पर Amazon Pay ऐप के जरिए मोबाइल नंबरों से संबंधित बैंक की जानकारी जुटाते थे। इसके बाद ग्राहकों को कॉल कर KYC अपडेट का झांसा देकर बैंकिंग जानकारी हासिल करते और ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने सहयोगियों को बैंक खाते और ATM कार्ड भी उपलब्ध कराते थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था।
कई धाराओं में केस दर्ज
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 48/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट-2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
छापेमारी टीम में शामिल रहे ये अधिकारी
इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार ने किया। टीम में थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक नितीश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता तथा एएसआई हीरालाल महतो सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।









