छोटे सरकार हत्याकांड मामला : 12 लाख में डील, ऐसे रची थी हत्या की प्लानिंग, पुछताछ में कई बड़े खुलासे

पटना : शुक्रवार को बिहार के दानापुर सिविल कोर्ट परिसर में पेशी पर आए कुख्यात अपराधी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में खुलासा करते हुए पटना के एसएसपी राजीव मिश्रा ने कहा है कि विचाराधीन कैदी को मारने के लिए 12 लाख रुपए की सुपारी दी गई थी. पुलिस ने बताया कि उसकी हत्या की वजह अब तक जो सामने आ रही है उसके मुताबिक छोटे सरकार ने जिसकी हत्या की सुपारी ली उसी ने उसको 12 लाख रुपए की डील करके मरवा दिया.

इस हत्याकांड की साजिश मुजफ्फरपुर में रची गयी थी. गिरफ्तार समरजीत और एक नाबालिग ने पुलिस के समक्ष कई खुलासे किए हैं. उन लोगों से पुलिस को जो जानकारी मिली, उसके मुताबिक छोटे सरकार की हत्या को अंजाम देने में छह लोग शामिल थे. जिनमें से दो को मौके पर ही पकड़ लिया गया है और तीन की पहचान कर ली गई है.

जबकि एक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है. साथ ही साजिशकर्ता के रूप में नौबतपुर के कुख्यात मनोज सिंह और उसके बेटे माणिक सिंह का नाम सामने आया है. मनोज सिंह और माणिक सिंह ने मुजफ्फरपुर के एक अपराधी को 12 लाख रुपये की सुपारी दी थी और दो लाख रुपये एडवांस दिये थे. साथ ही काम होने के बाद दस लाख रुपये देने का वादा किया था.

आरोपियों ने पुलिस के सामने जो जानकारी दी है उसके अनुसार, छोटे सरकार के शुक्रवार को कोर्ट में पेशी होने की सूचना भी दोनों शूटरों को दे दी गयी थी. इसके बाद हत्या करने के लिए समरजीत व एक अन्य 14 दिसंबर की शाम ही मुजफ्फरपुर से पटना आ गये थे और राजीव नगर इलाके के एक होटल में रुके थे. इसके बाद सुबह में ही वे दोनों जेपी गंगा पथ पर चले गये. जहां स्कॉर्पियो के साथ दो और अपराधी पहले से मौजूद थे. उन लोगों ने समरजीत व नाबालिग को स्कॉर्पियो पर बैठाया और गाड़ी के अंदर ही हथियार भी सौंप दिया. इसके बाद दोनों को दानापुर कोर्ट के बाहर लाकर छोड़ दिया.

माणिक सिंह को रिमांड पर लेगी पुलिस

इधर, एक अन्य अपराधी ने एक बाइक को दानापुर कोर्ट परिसर के अंदर लाकर लगा दिया, ताकि घटना को अंजाम देने के बाद दोनों उसी बाइक से भाग सके. लेकिन वे दोनों पकड़े गये. सिटी एसपी वेस्ट राजेश कुमार भी अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद और भी नयी बातें सामने आ सकती है. इस मामले में पुलिस माणिक सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी.

Related Articles

close