खबर हटके : ट्रेन टिकट लेने यात्री लाइन में खड़े रहे, अंदर टिकट क्लर्क भरता रहा खर्राटे, फिर अंगड़ाई-जम्हाई में कईयों के छुड़वा दिये ट्रेन

बेतिया। जरा सोचिये! आप ट्रेन की टिकट कटाने जायें… और वहां टिकट बुकिंग क्लर्क खर्राटा भरता मिल जाये। आप चिल्लाते रहें, लेकिन टिकट क्लर्क बेसुध होकर खर्राटा लेते रहे। …और फिर आपको बिना टिकट लिये ही लौटना पड़ जाये। आलम बेतिया के बगहा हरिनगर रेलवे स्टेशन का है, जहां खर्राटा भरते बुकिंग क्लर्क का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। वीडियो में वे टिकट काउंटर पर कंबल बिछाकर सोते दिख रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान वो नशे में था, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इधर, यात्रियों का आरोप है कि गुरुवार की सुबह जब वे टिकट लेने स्टेशन पहुंचे तो काउंटर पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। अंदर जाकर देखा तो टिकट बुकिंग क्लर्क सो रहा था।
यात्री के शोर मचाने के बाद टिकट बुकिंग क्लर्क की नींद तो खुली, लेकिन आंख मलते और अंगड़ाई लेने में इतना वक्त लेने लगा कि यात्री बिना टिकट ही लौट गये। इधर क्लर्क रोशन सिंह ने कहा कि शराब नहीं पीए थे, आरोप बेबुनियाद है। यात्री से खुला पैसा को लेकर झगड़ा हुआ था इसीलिए वैसा वीडियो बना लिया है।
यात्रियों के मुताबिक क्लर्क रोशन हमेशा नशे में रहता है। इसके बावजूद उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इधर एक यात्री ने उसका सोता हुआ वीडियो बना लिया। वहीं रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो को वरीय पदाधिकारियों को भेज दिया गया है। पदाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











