गैंगेस्टर प्रिंस खान का घर धाराशायी: विधायक अरुप चटर्जी को धमकी देने के बाद पुलिस का बुलडोजर एक्शन, 6 थानों की पुलिस ने इलाके में की घेराबंदी, खुद SSP करते रहे मॉनिटरिंग

Gangster Prince Khan's house demolished: Police take bulldozer action following threats to MLA Arup Chatterjee; police forces from six stations cordoned off the area, with the SSP personally monitoring the operation.

धनबाद। झारखंड के धनबाद में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस ने शनिवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए वासेपुर स्थित उसके मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई निरसा विधायक अरूप चटर्जी को मिली जान से मारने की धमकी के बाद तेज हुई पुलिस कार्रवाई का हिस्सा मानी जा रही है। पूरे अभियान के दौरान इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।

 

बताया जा रहा है कि कमर मखदूमी रोड स्थित प्रिंस खान के मकान पर पुलिस सुबह जेसीबी लेकर पहुंची। अभियान के दौरान तीन डीएसपी समेत छह थानों की पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मीडिया को भी घटनास्थल से दूर रखा गया। पूरे अभियान की वीडियोग्राफी कराई गई ताकि कार्रवाई का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके। इस दौरान सीनियर पुलिस अफसरों की नजर भी कार्रवाई पर बनी रही।

 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई। मौके पर डीएसपी प्रकाश सोय, सीसीआर डीएसपी ऋत्विक श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि धमकी प्रकरण के बाद पुलिस अब अपने जांच को आगे बढ़ा रही है।

 

विधायक को धमकी के बाद सख्त हुई पुलिस

शुक्रवार को निरसा विधायक अरूप चटर्जी को एक विदेशी नंबर (+27613737683) से धमकी भरा संदेश भेजा गया था। मैसेज के साथ पिस्टल से फायरिंग का एक वीडियो भी भेजा गया और 24 घंटे के भीतर अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए रंगदारी मांगी गई। यह नंबर दक्षिण अफ्रीका का बताया जा रहा है।

धमकी मिलने के बाद विधायक ने मुख्यमंत्री, गृह विभाग, डीजीपी और धनबाद एसएसपी को पूरे मामले की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस ने प्रिंस खान के खिलाफ कार्रवाई और तेज कर दी।

 

पहले भी सात बार हो चुकी है कुर्की-जब्ती

पुलिस के अनुसार, प्रिंस खान के वासेपुर स्थित मकान पर इससे पहले सात बार कुर्की-जब्ती की कार्रवाई हो चुकी है। लगातार कार्रवाई के चलते मकान का अधिकांश हिस्सा पहले ही हटाया जा चुका था और इस बार शेष संरचना को भी बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई न्यायालय के आदेश और कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। वहीं, धमकी मामले की जांच भी जारी है और फरार गैंगस्टर प्रिंस खान की तलाश तेज कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close