T20 World Cup 2026 का आज से आगाज, ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड सितारों का धमाल
The T20 World Cup 2026 kicks off today, with Bollywood stars dazzling at the opening ceremony.

नई दिल्ली। क्रिकेट प्रेमियों का लंबा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। T20 World Cup 2026 का आगाज अब से कुछ ही घंटों में होने वाला है। टूर्नामेंट के पहले ही दिन फैंस को जबरदस्त रोमांच देखने को मिलेगा, क्योंकि एक साथ तीन मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें एक मैच श्रीलंका में, जबकि दो मैच भारत में आयोजित होंगे।
पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच खेला जाएगा, जो भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे कोलंबो में शुरू होगा। इसके बाद दूसरा मैच वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच दोपहर 3 बजे कोलकाता के ईडन गार्डन में खेला जाएगा। वहीं, दिन का सबसे बड़ा मुकाबला भारत और यूएसए के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा।
लेकिन मैचों से पहले T20 World Cup 2026 की ओपनिंग सेरेमनी क्रिकेट फैंस के लिए खास आकर्षण रहने वाली है। उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे अपनी शानदार परफॉर्मेंस से माहौल बनाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मशहूर सितार वादक ऋषभ शर्मा और सिवामनी अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा लोकप्रिय रैपर और सिंगर बादशाह अपने एनर्जेटिक रैप से दर्शकों का जोश बढ़ाएंगे, जबकि डांसर नोरा फतेही अपने धमाकेदार डांस से समां बांधेंगी।
ओपनिंग सेरेमनी भारत बनाम यूएसए मैच से ठीक एक घंटे पहले यानी शाम 6 बजे शुरू होगी। फैंस इस भव्य समारोह का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे। साथ ही जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग भी उपलब्ध रहेगी।
खास बात यह है कि पिछले विश्व कप में टीम इंडिया को चैंपियन बनाने वाले कप्तान रोहित शर्मा को T20 World Cup 2026 का एम्बेसडर बनाया गया है। वे आईसीसी चेयरमैन जय शाह के साथ विश्व कप ट्रॉफी का स्वागत करेंगे। इस टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे क्रिकेट का यह महासंग्राम और भी रोमांचक होने वाला है।












