बार-बार ट्रिमिंग के बाद भी नहीं खत्म हो रहे Split Ends? अपनाएं ये 6 असरदार तरीके और पाएं हेल्दी बाल!
Are split ends persisting despite repeated trimming? Try these 6 effective methods and get healthy hair!

हर महिला चाहती है कि उसके बाल लंबे, घने और चमकदार दिखें। खूबसूरत बाल पूरे लुक को आकर्षक बना देते हैं। लेकिन आजकल धूल, प्रदूषण, गलत हेयर केयर और हीटिंग टूल्स की वजह से दो मुंहे बालों की समस्या तेजी से बढ़ रही है। कई महिलाएं बार-बार ट्रिमिंग करवाने के बाद भी इस परेशानी से छुटकारा नहीं पा पातीं।
अगर आपके बाल भी रूखे, बेजान और जल्दी टूटने लगे है, तो कुछ आसान हेयर केयर टिप्स आपकी इस समस्या को काफी हद तक कम कर सकते है।
गुनगुने तेल से करें हेयर थेरेपी
दो मुंहे बालों को कम करने के लिए हफ्ते में एक या दो बार ऑयल थेरेपी जरूर करें। नारियल, जैतून या बादाम के तेल को हल्का गुनगुना करके बालों की जड़ों और लंबाई में लगाएं। इसके बाद हल्के हाथों से मसाज करें। इससे बालों को गहराई से पोषण मिलता है और ड्रायनेस कम होती है। कुछ देर बाद माइल्ड शैंपू से बाल धो लें।
हेयर वॉश के बाद जरूर लगाएं सीरम
बाल धोने के बाद उन्हें जोर से रगड़कर सुखाने की गलती न करें। तौलिए से हल्के हाथों से थपथपाकर पानी सुखाएं। इसके बाद बालों में अच्छा हेयर सीरम लगाएं। इससे बाल फ्रिजी नहीं होते और दो मुंहे बाल बनने की संभावना भी कम हो जाती है।
रोजाना शैंपू करना बंद करें
बालों में नेचुरल ऑयल बनता है, जो उन्हें हेल्दी रखने में मदद करता है। रोजाना हेयर वॉश करने से यह प्राकृतिक नमी खत्म हो जाती है और बाल रूखे दिखने लगते है। इसलिए हफ्ते में केवल दो या तीन बार ही बाल धोएं और हमेशा माइल्ड शैंपू का इस्तेमाल करें।
हीटिंग टूल्स से बालों को दें राहत
हेयर स्ट्रेटनर, कर्लर और ब्लो ड्रायर जैसे टूल्स का ज्यादा इस्तेमाल बालों को कमजोर बना देता है। लगातार गर्मी मिलने से बाल टूटने लगते है और स्प्लिट एंड्स की समस्या बढ़ जाती है। कोशिश करें कि हीटिंग टूल्स का इस्तेमाल कम से कम हो।
तकिए का फैब्रिक भी बन सकता है वजह
बहुत कम लोग जानते है कि कॉटन तकिए भी बालों को नुकसान पहुंचा सकते है। कॉटन फैब्रिक से बालों में रगड़ बढ़ती है, जिससे बाल टूटते और उलझते है। बालों को सॉफ्ट और स्मूद रखने के लिए सिल्क या साटिन फैब्रिक वाले तकिए का इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है।
प्रोटीन वाली डाइट से मिलेगा अंदरूनी पोषण
बालों की मजबूती सिर्फ बाहरी देखभाल से नहीं आती, बल्कि सही खानपान भी जरूरी होता है। अपनी डाइट में प्रोटीन से भरपूर चीजें जरूर शामिल करें। अंडे, दूध, दाल, पनीर और ड्राई फ्रूट्स जैसे फूड्स बालों को अंदर से मजबूत बनाते है। इससे बालों का टूटना कम होता है और दो मुंहे बालों की समस्या भी धीरे-धीरे घटने लगती है।












