100 हफ्तों का सबसे बड़ा मिशन शुरू… PM मोदी ने युवाओं को दिलाई ऐसी शपथ, अब नशे के खिलाफ छिड़ेगी देशव्यापी जंग!
रायपुर के लोक भवन से राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में राज्य स्तरीय शुभारंभ, देशभर में चलेगा 'नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान'।

रायपुर:
देशभर में युवाओं को नशे के खिलाफ एकजुट करने के लिए शनिवार को एक ऐतिहासिक अभियान की शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करते हुए युवाओं से नशामुक्त भारत के निर्माण का आह्वान किया। वहीं राजधानी रायपुर के लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में हजारों युवाओं ने नशामुक्त भारत का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन और युवा संगठनों के सदस्य शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और समाज को इसके दुष्प्रभावों से बचाने का संकल्प दोहराया।
PM मोदी बोले— नशा सिर्फ व्यक्ति नहीं, पूरे समाज को करता है कमजोर
नई दिल्ली से वर्चुअल संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नशा केवल किसी एक व्यक्ति का जीवन नहीं बिगाड़ता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग करेगा।
प्रधानमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाएं और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी इस दिशा में जागरूक करें।
लोक भवन में गूंजा नशामुक्त भारत का संकल्प
रायपुर के लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे युवाओं ने उत्साह के साथ देखा। इसके बाद राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली।
कार्यक्रम में युवाओं को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश भी दिया गया।
100 सप्ताह तक पूरे देश में चलेगा अभियान
सरकार के अनुसार यह राष्ट्रव्यापी अभियान 2 अगस्त 2026 से शुरू होकर अगले 100 सप्ताह तक लगातार संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत और अन्य युवा संगठनों के सहयोग से व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों में नशामुक्ति शपथ, जागरूकता रैली, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लघु फिल्म प्रदर्शन, सोशल मीडिया अभियान और सामुदायिक संवाद जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।
युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की पहल
अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में काम करेंगी, ताकि समाज के हर वर्ग तक इसका संदेश पहुंच सके।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।









