पारा शिक्षकों और रसोइयों का विधानसभा घेराव: 4 से 7 अगस्त तक चलेगा आंदोलन, मांगों को लेकर सरकार पर बढ़ा सकते हैं दबाव
Para teachers and cooks gherao the assembly: Agitation will run from 4 to 7 August, can increase pressure on the government regarding demands

झारखंड के सहायक अध्यपाक (पारा शिक्षक) और स्कूलों में मध्याह्म भोजन बनाने वाली रसोइया भी 4 अगस्त से 7 अगस्त तक विधानसभा का घेराव करने वाले हैं.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पारा शिक्षकों की मांग है कि उन्हें समान काम के लिए समान वेतन, बर्खास्त 2000 पारा शिक्षकों की सेवा वापसी, अनुकंपा पर नियुक्ति की लंबित प्रक्रिया पूरी करना व सेवानिवृत्ति की उम्र सीमा 65 वर्ष करना शामिल है.
सभी जिलों में अलग – अलग समय पर धरना देंगे पारा शिक्षक
चार अगस्त को हजारीबाग, रामगढ़, पाकुड़, पलामू, गढ़वा व लातेहार के शिक्षक विधानसभा का घेराव करेंगे. पांच अगस्त को गिरिडीह, खूंटी, लोहरदगा, गोड्डा, दुमका व कोडरमा, छह अगस्त को चतरा, रांची, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां एवं सात अगस्त को गुमला, धनबाद जामताड़ा, देवघर, साहेबगंज व बोकारो के शिक्षक विधानसभा का घेराव करेंगे.
रसोइयों की मुख्य मांगे –
वहीं विधानसभा के समीप प्रदर्शन करने वाली रसोइयों की मुख्य मांगों में वेतनमान देना, 10 लाख का बीमा करना, इपीएफ व पेंशन का लाभ देना शामिल है.
जानकारी के अनुसार, जिस जिला की रसोइया धरना-प्रदर्शन के लिए रांची आयेंगी, उस दिन वह सामूहिक अवकाश पर रहेंगी. चार अगस्त को हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, गिरिडीह, बोकारो, कोडरमा एवं धनबाद जिला की रसोइया धरना-प्रदर्शन में शामिल होंगी. पांच अगस्त को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां, छह अगस्त को रांची, खूंटी, लोहरदगा व लातेहार एवं सात अगस्त को गुमला सिमडेगा, पलामू, गोड्डा, साहेबगंज, दुमका, जामताड़ा , देवघर एवं गढ़वा जिला की रसोइया धरना-प्रदर्शन में शामिल होंगी.
गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र भी 1 अगस्त से 7 अगस्त तक चलेगा. सत्र के दौरान ही पारा शिक्षक और रसोइयां अपनी -अपनी मांगो को लेकर धरना प्रदर्शन करने वाले हैं.









