अतीक अहमद की बीबी भगोड़ा घोषित, घर के दरवाजे पर चिपकाया गया नोटिस, 50 हजार का है इनाम

लखनऊ। अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन को भगोड़ा घोषित कर दिया है। अतीक की मौत के पहले से ही गायब शाइस्ता की यूपी पुलिस लंबे समय से तलाश कर रही है। यूपी पुलिस की तरफ से उसके घर पर नोटिस भी लगाया गया है। कोर्ट के आदेश पर ये कार्रवाई की गई है. उमेश पाल हत्याकांड में पुलिस ने शाइस्ता परवीन पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है। शाइस्ता और जैनब आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं और उन्हें पैसों की सख्त जरूरत थी. यही वजह है कि होटल में बेनामी संपत्तियों को बेचने की डील वकील के जरिए कराई जा रही थी. दोनों इन संपत्तियों को बेचकर देश से बाहर निकल जाने की कोशिश में थे और इस प्लान में अतीक अहमद का वकील विजय मिश्रा भी शामिल था.
अतीक अहमद की बेनामी संपत्ति को लेकर लखनऊ के एक होटल में कोई बड़ी डील होने वाली थी जिसको लेकर पुलिस ने उस होटल में छापा मारा था। इस छापेमारी में अतीक अहमद का वकील विजय मिश्रा पुलिस के हत्थे चढ़ गया. उसने पूछताछ में कई अहम खुलासे किए। गौरतलब है कि अतीक अहमद की हत्या के बाद भी उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन उसके जनाजे में शामिल नहीं हुई थी। यूपी पुलिस ने उस पर इनाम भी रखा है, लेकिन फिर भी शाइस्ता परवीन का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने उसकी खोज में कई जगहों पर छापेमारी भी की है, लेकिन अभी तक उसे पकड़ा नहीं जा सका है. इसी के बाद धूमनगंज थाना पुलिस ने माफिया अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन को भगोड़ा घोषित कर दिया है।
पुलिस कमिश्नर ने शाइस्ता परवीन पर 50 हजार का इनाम घोषित कर रखा है. स्पेशल जज एससी एसटी कोर्ट से जारी 82 की नोटिस को शाइस्ता के मकान पर चस्पा कर दिया गया है. पुलिस ने नोटिस चस्पा करने के साथ ही साथ डुगडुगी बजाकर आसपास मुनादी भी करा दी है. जिस मकान पर नोटिस चस्पा किया है माफिया अतीक अहमद का परिवार चकिया के इसी 297 /205 एफ मकान में रहता था. यह मकान जफर अहमद के नाम पर था. 7 जनवरी 2021 को जफर अहमद के नाम इसकी रजिस्ट्री हुई थी.











