झारखंड में ईडी की बड़ी कार्रवाई, बबलू जायसवाल के ठिकानों पर छापेमारी
ED takes big action in Jharkhand, raids on Bablu Jaiswal's hideouts

रांची/जमशेदपुर। मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में एक बार फिर झारखंड में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सख्ती दिखाई है। गुरुवार सुबह रांची और जमशेदपुर में ईडी की टीमें कई ठिकानों पर छापेमारी करती नजर आईं। खासतौर पर जमशेदपुर में बबलू जायसवाल के कई ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई ने राजनीतिक और सामाजिक हलचल मचा दी है।
जमशेदपुर में बबलू जायसवाल के खिलाफ कार्रवाई
बबलू जायसवाल, जिनका नाम पहले भी आपराधिक मामलों और जेल यात्रा से जुड़ा रहा है, अब मनी लॉन्ड्रिंग के संदिग्ध आर्थिक लेन-देन की जांच के दायरे में हैं। तड़के सुबह ईडी की टीमें उनके कई ठिकानों पर पहुंची और तलाशी ली।
रांची का कृष्णा अपार्टमेंट बना जांच केंद्र
रांची के पीपी कंपाउंड स्थित कृष्णा अपार्टमेंट का चौथा तल्ला आज सुबह से ही ईडी की छापेमारी का केंद्र रहा। अधिकारियों ने फ्लैट सील कर दिया और परिसर में आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई। आसपास के लोग भी ईडी की कार्रवाई की गोपनीयता से सहमे हुए हैं।
डिजिटल और बैंकिंग दस्तावेजों की बारीकी से जांच
ईडी की टीम कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और जमीन-जायदाद से जुड़े फाइलों की छानबीन कर रही है। कई महत्वपूर्ण डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं, जिससे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
आगे की कार्रवाई पर सवाल
सूत्र बताते हैं कि ईडी के रडार पर कई अन्य नाम भी हैं, जिन पर मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध आर्थिक गतिविधियों की जांच जारी है। झारखंड में पहले भी ईडी ने कई बड़े ऑपरेशन किए हैं, जिसमें आईएएस अधिकारियों और राजनीतिक-व्यापारिक हस्तियों पर छापेमारी शामिल रही है।









