झारखंड : गिरिडीह में विधायक प्रत्याशी की गिरफ्तारी…ठगी के आरोप में समीम अख्तर को मिली सजा, पुलिस कर रही जांच
MLA candidate arrested in Giridih...Sameem Akhtar sentenced for cheating, police is investigating

गिरिडीह जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है। जहां गांडेय विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं राधास्वामी संगठन के रहे प्रदेश उपाध्यक्ष समीम अख्तर को पुलिस ने ठगी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, पचम्बा थाना क्षेत्र में दो लोगों ने बबलू दास और इसराफिल अंसारी लिखित आवेदन देकर समीम अख्तर पर ठगी का आरोप लगाया है।
उन पर यह आरोप है कि उन्होंने दोपहिया वाहन दिलाने के नाम पर पीड़ितों से गाड़ी की कुल कीमत का लगभग 60 प्रतिशत राशि नगद या ऑनलाइन वसूली और बाकी भुगतान राधास्वामी संगठन द्वारा कराने का झांसा दिया। शुरुआत में पीड़ितों को भरोसा था, लेकिन किस्त (EMI) बाउंस होने के बाद मामला उजागर हुआ।लगातार 3–4 किश्त बाउंस होने पर पीड़ितों ने पचम्बा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समीम अख्तर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी गिरफ्तारी की खबर शहर में फैली, वैसे-वैसे अन्य पीड़ित भी सामने आने लगे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अनुमान लगाया जा रहा है कि शिकायतकर्ताओं की संख्या और बढ़ सकती है।








