झारखंड : देवघर एचडीएफसी बैंक डकैती कांड का पर्दाफाश…11 अपराधी गिरफ्तार, जानें कैसे पुलिस ने सुलझाया मामला?
Deoghar HDFC Bank robbery case exposed: 11 criminals arrested, know how the police solved the case?

देवघर: झारखंड पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र स्थित HDFC बैंक डकैती कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 11 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो झारखंड और बिहार के विभिन्न जिलों में सक्रिय थे।
दिनदहाड़े हुई थी बैंक में डकैती
यह घटना 22 सितंबर 2025 की है, जब मधुपुर के HDFC बैंक शाखा में दिनदहाड़े डकैती की वारदात हुई थी। अपराधियों ने बैंक से नकदी लूटकर फरार होने की कोशिश की थी। घटना के बाद पुलिस ने कई टीमों का गठन किया और तकनीकी निगरानी के साथ अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।
बरामद हथियार, नकदी और वाहन
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों से एक नकाब, एक देसी पिस्तौल, 7.65 एमएम की एक जिंदा गोली, दो ATM कार्ड, ₹5,500 नकद, एक चार पहिया वाहन और 10 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह लंबे समय से बैंक और एटीएम लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
पुलिस ने किया नेटवर्क का पर्दाफाश
देवघर एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह गिरोह झारखंड और बिहार के कई जिलों में सक्रिय था। गिरोह का एक मुख्य साजिशकर्ता अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि इस गिरोह का नेटवर्क संगठित था और यह फाइनेंस कंपनियों तथा एटीएम लूट की घटनाओं में भी शामिल रहा है। जल्द ही मुख्य साजिशकर्ता को भी गिरफ्तार कर पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा।









