मन की बात में अचानक छाया छत्तीसगढ़! PM मोदी ने लिया जिस युवा और 1500 साल पुराने रहस्य का नाम, पूरे प्रदेश का बढ़ा मान

अनिमेष कुजूर की रिकॉर्डतोड़ दौड़ और मल्हार की ऐतिहासिक धरोहर का राष्ट्रीय मंच से जिक्र, CM साय बोले- यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड में जब छत्तीसगढ़ की प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत की गूंज सुनाई दी, तो पूरे प्रदेश में गर्व और उत्साह का माहौल बन गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रीय मंच से छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का उल्लेख होना प्रदेश के करोड़ों लोगों के सम्मान और पहचान को नई ऊंचाई देने वाला क्षण है।

राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और आमजनों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जशपुर के युवा धावक अनिमेष कुजूर और बिलासपुर जिले के ऐतिहासिक मल्हार की सांस्कृतिक धरोहर का उल्लेख कर पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ आज देशभर की सकारात्मक पहल, नवाचार, प्रतिभा और प्रेरणादायक कहानियों को राष्ट्रीय पहचान देने का सशक्त मंच बन चुका है। प्रधानमंत्री द्वारा जशपुर जिले के छोटे से गांव घुइटांगर से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले युवा धावक अनिमेष कुजूर का जिक्र करना प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है।

उन्होंने कहा कि अनिमेष कुजूर ने महज 10.15 सेकंड में 100 मीटर दौड़ पूरी कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है और राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए क्वालीफाई कर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों के बीच जशपुर के ग्रामीण परिवेश से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचने की उनकी यात्रा लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में अनिमेष कुजूर और गुरिंदरवीर सिंह से फोन पर बातचीत करते हुए बताया कि मात्र दो दिनों के भीतर पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तीन बार टूटा। यह केवल रिकॉर्ड टूटने की कहानी नहीं, बल्कि भारतीय युवाओं के आत्मविश्वास, अनुशासन और विश्वस्तरीय सोच का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि अनिमेष ने प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान बताया कि कोविड काल में खेलों के प्रति बढ़ी रुचि ने उन्हें एथलेटिक्स की ओर प्रेरित किया। कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार आगे बढ़ते रहे। यही जज्बा उन्हें आज देश के शीर्ष खिलाड़ियों की सूची में खड़ा करता है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेल भावना को लेकर जो संदेश दिया, वह नई पीढ़ी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। प्रतिस्पर्धा का उद्देश्य केवल दूसरों से आगे निकलना नहीं, बल्कि देश का मान बढ़ाना भी होना चाहिए। यही सोच भारत की नई खेल संस्कृति को परिभाषित कर रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ‘मन की बात’ में बिलासपुर जिले के ऐतिहासिक मल्हार का उल्लेख भी छत्तीसगढ़ के लिए विशेष महत्व रखता है। ज्ञान भारतम् अभियान के तहत यहां मिली दुर्लभ ताम्र-पट्टिकाएं लगभग 1400 से 1500 वर्ष पुरानी मानी जा रही हैं, जो पांडुवंशी शासनकाल और उस दौर की सामाजिक, सांस्कृतिक तथा प्रशासनिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण जानकारी देती हैं।

उन्होंने बताया कि प्राचीन ब्राह्मी लिपि और पाली भाषा में लिखी गई ये ताम्र-पट्टिकाएं छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रमाण हैं। यह खोज केवल पुरातात्विक उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रदेश की ऐतिहासिक पहचान को दुनिया के सामने लाने वाला महत्वपूर्ण अध्याय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय मंच से मल्हार जैसी धरोहर का उल्लेख किए जाने से विरासत संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता और सम्मान की भावना और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि आज का ‘मन की बात’ एपिसोड यह साबित करता है कि नया भारत अपनी प्रतिभा, खेल भावना, संस्कृति और विरासत को समान सम्मान देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। एक ओर जशपुर का युवा खिलाड़ी देश को नई गति देने का सपना देख रहा है, तो दूसरी ओर मल्हार की ऐतिहासिक धरोहर भारत के गौरवशाली अतीत की कहानी दुनिया तक पहुंचा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह दोहरी उपलब्धि पूरे प्रदेश में आत्मगौरव, प्रेरणा और नई ऊर्जा का संचार करने वाली है। यह क्षण आने वाली पीढ़ियों को भी बड़े सपने देखने और अपनी विरासत पर गर्व करने की प्रेरणा देगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close