रायपुर की रथयात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने निभाई सदियों पुरानी परंपरा
गायत्री नगर जगन्नाथ मंदिर में महाप्रभु की रथयात्रा महोत्सव में शामिल हुए राज्यपाल रमेन डेका, छेरा-पहरा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना।

रायपुर।
राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में गुरुवार को आयोजित महाप्रभु श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रथयात्रा में शामिल हुए तथा भगवान जगन्नाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर पारंपरिक छेरा-पहरा की रस्म निभाई।
रथयात्रा के दौरान मंदिर परिसर में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी ने भी भगवान जगन्नाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया।
रथयात्रा महोत्सव में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, अन्य जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन श्रद्धा, आस्था और लोक परंपरा का भव्य संगम बनकर सामने आया।









