जमीन में सो रही दो सगी बहनों को जहरीले सांप ने डंसा, मौत, परिवार में पसरा मातम

रायपुर। बारिश का मौसम आते ही सांपों के काटे जाने का खतरा भी बढ़ जाता है। आए दिन सर्प दंश से लोगों की मौत की खबरें सामने आ रही है। इसी बीच छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में दो सगी बहनों के मौत का मामला सामने आया है। यहां जिले के ग्राम भैसो की आश्रित गांव डूमरपाली में जमीन पर सो रही दो सगी बहनों की जहरीले सांप करैत के काटने से मौत हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। मामला जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार दोनों सगी बहनें अनन्य जांगडे 16 वर्ष और दीप्ति जांगडे 19 वर्ष मंगलवार की रात खाना खाकर जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान देर रात करैत सांप ने बारी-बारी से दोनों को डस लिया। सांप काटने की जानकारी परिजनों को नहीं लगी। देर रात करीब 11:00 बजे दोनों की तबीयत बिगड़ गई और वह उल्टियां करने लगी।
तभी परिजनों ने दोनों को उपचार के लिए पामगढ़ सीएचसी लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने छोटी बहन अनन्य जांगडे को मृत घोषित कर दिया। वहीं बड़ी बहन दीप्ति जांगडे को उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पामगढ़ पुलिस को मिलने पर अस्पताल पहुंची और दोनों के शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।












