हैदराबाद में CM साय का बड़ा धमाका! 9,580 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले, छत्तीसगढ़ में खुलेंगे हजारों नौकरियों के दरवाजे

डेटा सेंटर से लेकर टेक्सटाइल और फार्मा तक निवेशकों की दिलचस्पी, इन्वेस्टर कनेक्ट में 7 बड़ी कंपनियों ने दिखाई रुचि

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने निवेश आकर्षित करने की दिशा में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। हैदराबाद में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की सात प्रमुख कंपनियों ने राज्य में 9,580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं। इन प्रस्तावित परियोजनाओं से 7,800 से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने देश के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि विकसित भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में छत्तीसगढ़ तेजी से उभर रहा है और निवेशकों के लिए राज्य में रेड कारपेट बिछा हुआ है। कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन सहित दक्षिण भारत के कई बड़े उद्योगपति और कारोबारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु के साथ-साथ जापान और दक्षिण कोरिया में आयोजित निवेशक संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। सरकार इन प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए तेजी से काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए आसान प्रक्रियाएं, सिंगल विंडो सिस्टम, बेहतर बुनियादी सुविधाएं और निवेशक-अनुकूल नीतियां छत्तीसगढ़ को देश के सबसे आकर्षक निवेश गंतव्यों में शामिल कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने हैदराबाद के उद्योग जगत को आईटी, फार्मा, बायोटेक्नोलॉजी, एयरोस्पेस और उन्नत विनिर्माण क्षेत्रों में साझेदारी के लिए आमंत्रित किया।

डेटा सेंटर में सबसे बड़ा निवेश

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सात प्रमुख कंपनियों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ ऑफर लेटर प्रदान किए। इनमें सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव हाइपरनेक्स्ट डाटा सेंटर लिमिटेड की ओर से आया। कंपनी ने राज्य में भारत का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने के लिए 4,200 करोड़ रुपये निवेश करने की घोषणा की है। इस परियोजना से लगभग 250 रोजगार सृजित होंगे।

सीमेंट सेक्टर में 2,912 करोड़ का प्रस्ताव

फीग्रेड एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने सीमेंट क्षेत्र में 2,912 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है। इस परियोजना से लगभग 4,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

एआई और सेमीकंडक्टर पर भी फोकस

निवाई लैब्स प्राइवेट लिमिटेड ने 1,000 करोड़ रुपये के निवेश से एआई, जीपीयू इंफ्रास्ट्रक्चर, एडवांस कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर असेंबली सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव दिया है। इससे राज्य में आधुनिक तकनीकी उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और लगभग 200 रोजगार सृजित होंगे।

इसके अलावा एसजी मार्ट लिमिटेड ने सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण क्षेत्र में 700 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है, जबकि श्री सरवणा मिल्स प्राइवेट लिमिटेड ने 528 करोड़ रुपये के निवेश से टेक्सटाइल और परिधान निर्माण इकाई स्थापित करने की योजना प्रस्तुत की है। इससे करीब 2,500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

फार्मास्यूटिकल क्षेत्र की काबरा ड्रग्स ने 200 करोड़ रुपये और डेयरी क्षेत्र की दिनशॉज़ डेयरी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड ने 40 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है।

अग्रणी कंपनियों के साथ हुई चर्चा

हैदराबाद दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने कई प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें भी कीं। इनमें पेज इंडस्ट्रीज, डेल्टा इलेक्ट्रॉनिक्स, एक्सिस एनर्जी, सेल्कॉन ग्रुप और मैग्नमविंग्स जैसी कंपनियां शामिल रहीं। बैठकों में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और राज्य सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस दौरान स्वामी नारायण गुरुकुल संगठन के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र में 650 बिस्तरों वाले चैरिटेबल अस्पताल की स्थापना के प्रस्ताव पर चर्चा की।

इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में आईटी, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्यूटिकल्स, एयरोस्पेस, रक्षा क्षेत्र, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर और उन्नत विनिर्माण जैसे भविष्य के उद्योगों में निवेश की संभावनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया, जिस पर निवेशकों ने विशेष रुचि दिखाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close