GRP रेल थाना प्रभारी निलंबित : बार बालाओं के साथ शिव मंदिर में ठुमके लगाना पड़ा महंगा, हुए सस्पेंड

रांची बार बालाओं के साथ ठुमके लगाने वाले थानेदार को निलंबित कर दिया गया है। रेल डीजी अनिल पालटा के निर्देश पर धनबाद रेल एसपी ने कार्रवाई करते हुए चितरंजन जीआरपी रेल थाना के आरोपी थाना प्रभारी सुरेश पासवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसपी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है चितरंजन के बगल में स्थित शिव मंदिर में शिवरात्रि समारोह के अवसर पर महिला डांसरों के साथ थिरकते हुए सुरेश पासवान का वीडियो सोशल मिडिया पर वायरल हुआ था।
इस संबंध में आरपीएफ कंट्रोल आसनसोल से ईमेल प्राप्त हुआ है, जिसमें जीआरपी प्रभारी चितरंजन के अलावा अन्य पुलिसकर्मियों के होने का भी उल्लेख है। सुरेश पासवान के जिम्मेदार पद पर होते हुए महिला डांसरों के साथ अश्लील गीतों पर थिरकने से पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है। इसके बाद रेल पुलिस ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए सुरेश पासवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बता दें कि आसनसोल रेल डिवीजन के चितरंजन रेलवे स्टेशन के पास महाशिवरात्रि के मौके पर आयोजित समारोह में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। जिसमें भोजपुरी गानों पर बार बालाओ के साथ ठुमके लगाते हुए चितरंजन जीआरपी थाना प्रभारी सुरेश पासवान का विडियो वायरल हुआ था।









