विस्थापन का दर्द बना ताकत! सिंधी समाज की मिसाल पर बोले राज्यपाल रमेन डेका, 128 पंचायतों को लेकर कही बड़ी बात
रायपुर में आयोजित ‘मुखी संवाद’ कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने सिंधी समाज की उद्यमशीलता, स्वाभिमान और राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना की। युवा पीढ़ी को भाषा और संस्कृति से जोड़ने का भी आह्वान किया।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने सिंधी समाज को स्वाभिमान, आत्मनिर्भरता और उद्यमशीलता की मिसाल बताते हुए कहा कि विभाजन की त्रासदी झेलने के बावजूद इस समाज ने अपने परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर न सिर्फ खुद को दोबारा स्थापित किया, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
राज्यपाल रविवार को रायपुर में पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत द्वारा आयोजित ‘मुखी संवाद’ (विचार, तर्क एवं सुझाव परिचर्चा) कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस आयोजन में प्रदेशभर की 128 सिंधी पंचायतों के प्रतिनिधि एक मंच पर एकत्र हुए।
‘विस्थापन का दर्द नहीं, ताकत बना सिंधी समाज’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि देश के विभाजन के समय सिंधी समाज ने अपनी मातृभूमि, संपत्ति और सांस्कृतिक विरासत खो दी थी, लेकिन इस पीड़ा को उन्होंने अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। कठिन परिस्थितियों में भी समाज ने व्यापार, उद्योग, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में नई पहचान बनाई और पूरे देश के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की।
उन्होंने कहा कि सिंधी समाज की सफलता इस बात का उदाहरण है कि कठिन हालात भी मजबूत इच्छाशक्ति और मेहनत के सामने टिक नहीं सकते।
128 पंचायतों की एकजुटता को बताया समाज की सबसे बड़ी ताकत
राज्यपाल ने कहा कि किसी भी समाज की असली शक्ति उसकी पंचायत व्यवस्था होती है। उन्होंने सिंधी समाज की पंचायतों को सामाजिक समरसता और संगठन का मजबूत आधार बताते हुए कहा कि 128 पंचायतों का एक मंच पर एकजुट होना समाज की एकता और संगठनात्मक क्षमता का प्रतीक है।
उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संवाद समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
युवाओं को संस्कृति और भाषा से जोड़ने की अपील
राज्यपाल रमेन डेका ने समाज के प्रतिनिधियों से सिंधी भाषा, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और बच्चों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
साथ ही उन्होंने महिला विंग की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज और अधिक सशक्त बनेगा।
सफल आयोजन के लिए दी बधाई
कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न जिलों से आए पंचायतों के मुखिया, महिला विंग की सदस्य और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।









