‘पूरे देश में दहशत’, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड पर क्या बोले केजरीवाल?

Baba Siddique murder case: एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का मामला अब गरमाता जा रहा है. घटना के दूसरे दिन दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को बाबा सिद्दीकी मर्डर केस को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि इस घटना से न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश में डर का माहौल बन गया है. केजरीवाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली में भी लगभग ऐसी ही स्थिति पैदा की जा रही है, और जनता को उन लोगों के खिलाफ खड़ा होना होगा जो देश में गैंगस्टर शासन लाना चाहते हैं.

एक पोस्ट में केजरीवाल ने कहा, “मुंबई में एनसीपी नेता को सार्वजनिक रूप से गोली मारे जाने की घटना से न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश में दहशत का माहौल है. इन्होंने दिल्ली में भी ऐसा ही माहौल बना दिया है. ये लोग पूरे देश में गैंगस्टर शासन लाना चाहते हैं. अब जनता को इनके खिलाफ खड़ा होना पड़ेगा.’

क्या हुआ था बाबा सिद्दीकी के साथ?

बाबा सिद्दीकी, जो महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी के अजित पवार गुट के नेता थे. उन्हें शनिवार देर रात मुंबई के बांद्रा स्थित निर्मल नगर के पास गोली मारी गई. घायल अवस्था में उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है.

रेकी के बाद हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जिनकी पहचान हरियाणा के गुरमेल सिंह और उत्तर प्रदेश के धर्मराज कश्यप के रूप में हुई है. तीसरा आरोपी अभी गिरफ्त से बाहर है. जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी मुंबई में काफी समय से मौजूद थे और सिद्दीकी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे. उन्होंने सिद्दीकी के घर और ऑफिस की रेकी भी की थी.

बाबा सिद्दीकी तीन बार के विधायक थे, 48 साल कांग्रेस में रहे

बाबा सिद्दीकी मुंबई के बांद्रा वेस्ट से तीन बार विधायक रह चुके थे. इस साल फरवरी में उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर अजित पवार के एनसीपी गुट को जॉइन किया था. वह अपनी भव्य इफ्तार पार्टियों के लिए भी मशहूर थे, जहां बॉलीवुड के सुपरस्टार्स जैसे शाहरुख खान, सलमान खान और संजय दत्त शामिल होते थे.

Related Articles

close