शादी में मुर्गा-भात का भोज खाना मेहमानों को पड़ा महंगा, 200 से ज्यादा लोगों को कराना पड़ा इलाज

बांका। शादी में मुर्गा-चावल का भोज मेहमानों को महंगा पड़ गया। मुर्गा-चावल की दावत खाकर लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ गया। अभी भी लोगों का इलाज चल रहा है। घटना बांका जिले के कटोरिया प्रखंड सूर्या थाना क्षेत्र के छिड़ा गांव का है। ग्रामीणों के मुताबिक शादी में भोज शुक्रवार की रात को हुआ था। शनिवार को कुछ लोग बीमार हुए और रविवार को कई लोगों की तबीयत बिगड़ गयी। बीमार होने वालों में 50 बच्चे, 50 पुरुष और 150 महिलाएं हैं। मौके पर एसडीपीओ, बीडीओ, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी स्थिति का जायया लिया। फिलहाल लोगों की स्थिति सामान्य बतायी जा रही है।
गांव में भी स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। भोज के कुछ देर बाद ही सभी को उल्टी और चक्कर आने लगा था। ग्रामीणों ने कहा कि शादी समारोह में मुर्गा-चावल का भोज खाने के बाद अचानक सभी की स्थिति बिगड़ने लगी। अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सभी का इलाज गांव में ही स्वास्थ्य शिविर में किया जा रहा है, अभी स्थिति सामान्य है। डॉक्टर मनीष कुमार ने कहा कि फूड प्वाइजनिंग के कारण सभी बीमार हुए हैं।
ये सभी उल्टी, सिर दर्द से परेशान थे। जिसके बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन मरीजों की संख्या ज्यादा होने के कारण गांव में ही कैंप लगाकर प्रशासन की मौजूदगी में सभी का इलाज किया जा रहा है। भोजन के विषाक्त होने की वजह से लोगों की तबीयत बिगड़ी है।








