रांची में नाबालिग से छेड़छाड़ और मां-बेटे पर हमला, CM हेमंत सोरेन ने लिया संज्ञान, मुख्य आरोपी जहीर शेख गिरफ्तार

Ranchi: Minor molested in Mesra Dudhiya village, Chief Minister takes cognizance

रांची | मेसरा ओपी क्षेत्र के दुधिया गांव में नाबालिग से छेड़छाड़ और उसकी मां व भाई के साथ मारपीट की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। इस मामले पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वतः संज्ञान लिया और रांची पुलिस को पीड़ित परिवार को बेहतर इलाज मुहैया कराने तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने देर रात ही प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी जहीर शेख को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़िता की मां ने एसएसपी को दी गई शिकायत में बताया कि पड़ोस के तीन युवक उनकी नाबालिग बेटी से लगातार छेड़छाड़ कर रहे थे। रविवार को भी घटना को अंजाम दिया गया। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की और महिला तथा उसके बेटे के सिर फोड़ दिए।

महिला ने आरोप लगाया कि जब वह थाने शिकायत करने गईं तो पुलिस ने उन्हें वापस लौटा दिया। इसके बाद उन्होंने कांके के नेता कमलेश राम के साथ एसएसपी के पास लिखित शिकायत दी। शिकायत में जहीर शेख, मासूम शेख, शोएब शेख सहित सात लोगों के नाम शामिल हैं, जिन पर नाबालिग से छेड़छाड़ और मां-बेटे के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया है।

मुख्यमंत्री ने इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से आग्रह किया कि आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएं और पीड़ित परिवार को चिकित्सा व सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। स्थानीय लोगों ने भी इस कदम का स्वागत किया और कहा कि इस प्रकार की घटनाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है।

Related Articles

close