राम मंदिर और मुख्यमंत्री को बम से उड़ाने की मिली धमकी, ईमेल के जरिये भेजी धमकी, खुद को बताया ISI का आदमी

लखनऊ। प्रधानमंत्री मोदी के अयोध्या दौरे के अगले दिन ही श्रीराम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और यूपी एसटीएफ के मुखिया अमिताभ यश को भी बम से मारने की बात कही गई है। इस मामले में लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। धमकी देने वाले ने खुद को ISI से जुड़ा होना बताया है। आरोपी ने ई-मेल के जरिए ये धमकी दी है, जिसे भारतीय किसान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी को भेजा गया है।

एफआईआर दर्ज होने के बाद मामले की जांच में एटीएस और एसटीएफ को भी लगाया दिया गया है। इसके साथ ही ईमेल करने वाले शख्स की तलाश में कई जांच एजेंसियां जुट गई हैं। देवेंद्र तिवारी ने यूपी 112 को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर टैग करते हुए मामले की जानकारी दी है। देवेंद्र को 27 दिसंबर की शाम को जुबेर खान के नाम से ई-मेल भेजा गया था।

देवेंद्र तिवारी को प्राप्त ई-मेल में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, एसटीएफ के एडीजी अमिताभ यश और देवेंद्र तिवारी को गौ सेवक बताते हुए बम से उड़ने की धमकी दी गई थी। इसके साथ ही अयोध्या में बन रहे भगवान श्री राम के मंदिर को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। देवेंद्र तिवारी का कहना है कि इससे पहले भी उन्हें इस तरह की धमकी मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि एफआईआर दर्ज की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई समुचित कार्रवाई नहीं की गई है, पुलिस की ओर से सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जाहिर की है।

Related Articles

close