124 साल की वोटर से मचा संसद में भूचाल: मतदाता धोखाधड़ी पर विपक्ष का हमला…..लोकसभा 12 तो राज्यसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित…

नई दिल्ली: देश की संसद में मंगलवार को उस वक्त जबरदस्त हंगामा देखने को मिला जब विपक्ष ने कथित मतदाता सूची में गड़बड़ी और SIR मुद्दे को लेकर सरकार पर जोरदार हमला बोला।
हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

सुबह 11 बजे जैसे ही संसद की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी दलों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। महज 10 मिनट में कार्यवाही ठप हो गई।

क्यों छाई ‘मिंता देवी’ संसद में?

हंगामे की जड़ में है एक 124 साल की मतदाता ‘मिंता देवी’, जिनका नाम कथित तौर पर चुनाव आयोग की मतदाता सूची में दर्ज है। विपक्षी सांसदों को “मिंता देवी” के नाम की टी-शर्ट पहने विरोध करते देखा गया।

विपक्षी गठबंधन INDIA ने चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए चुनाव सुधारों पर चर्चा की मांग की है। उनका आरोप है कि मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा हो रहा है।

 सत्तापक्ष और विपक्ष आमने-सामने

  • कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने बीजेपी सांसद मनन कुमार मिश्रा पर हमला बोलते हुए कहा, “अगर सरकार चुनाव आयोग के साथ मिलकर मताधिकार छीनती है, तो यह संविधान का सीधा हनन है। लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।”

  • वहीं भाजपा सांसद सीपी जोशी ने पलटवार करते हुए कहा, “अगर ये हारते हैं तो चुनाव आयोग गलत, और जीतते हैं तो सही? यह मतदाताओं का अपमान है।”

  • भाजपा नेता संजय जायसवाल ने कहा, “राहुल गांधी को हर चीज में गड़बड़ी नजर आती है…वो चुनाव आयोग के पास नहीं, सीधे प्रदर्शन करने पहुंच जाते हैं।”

 संसद के बाहर भी गरमाया माहौल

संसद भवन परिसर में विपक्षी नेताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल रहीं।
आप सांसद संजय सिंह ने बिहार में एसआईआर (SIR) पर संवैधानिक चर्चा के लिए नोटिस भी दिया है।

 क्या लोकतंत्र पर मंडरा रहा है खतरा?

“124 साल की वोटर” और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी ने लोकतंत्र की निष्पक्षता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या यह केवल तकनीकी गलती है, या फिर कोई बड़ा खेल? संसद से सड़क तक माहौल गर्म है, लेकिन जवाब अब भी अधूरा है।

Related Articles

close