एकादशी का पवित्र दिन बन गया हादसे में बदला…मंदिर में भगदड़…10 की मौत…कई घायल…श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी…

श्रीकाकुलम, आंध्र प्रदेश: कासीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शुक्रवार सुबह एक भयंकर भगदड़ की घटना ने श्रद्धालुओं को हिला दिया। दर्शन के दौरान अचानक बढ़ी भीड़ के कारण अफरा-तफरी मच गई और कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ अचानक बढ़ने से मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई, जिसे नियंत्रण में लाने में पुलिस जुटी रही। मृतकों की संख्या बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है।

यह हादसा एकादशी के मौके पर हुआ, जब भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे। अधिकारियों ने कहा कि भीड़ प्रबंधन में कमी और अचानक दबाव के कारण यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जताया शोक:
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे को अत्यंत दर्दनाक और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और राहत कार्यों की निगरानी की जाए।

मंत्री नारा लोकेश ने कहा:
मंत्री नारा लोकेश ने प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “एकादशी के पवित्र दिन ऐसी त्रासदी अत्यंत दुखद है। मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना है।”

घटना की जांच स्थानीय प्रशासन द्वारा शुरू कर दी गई है। श्रद्धालुओं और नागरिकों से अपील की गई है कि मंदिरों में जाने से पहले भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के नियमों का पालन करें।

Related Articles

close