झारखंड में बड़े पैमाने पर डॉक्टरों का तबादला, 20 से ज्यादा अधिकारियों का स्थानांतरण

 

 

रांची, 24 मार्च 2026। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर डॉक्टरों और स्वास्थ्य अधिकारियों का स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया है। इस संबंध में विभाग द्वारा अधिसूचना जारी कर तत्काल प्रभाव से आदेश लागू कर दिया गया है।

जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में पदस्थ करीब 20 से अधिक चिकित्सकों और अधिकारियों के कार्यस्थल में बदलाव किया गया है। कई वरिष्ठ अधिकारियों को स्वास्थ्य निदेशालय, नामकुम (रांची) में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

डॉ. सुनिल कुमार को धनबाद से स्थानांतरित कर परिवार कल्याण निदेशक बनाया गया है, वहीं डॉ. शोभना टोप्पो को लातेहार से संचारी रोग निदेशक के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके अलावा डॉ. अश्विनी कुमार, डॉ. अरुण कुमार और डॉ. विष्णुदेव प्रसाद साह समेत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

राज्य के कई जिलों में सिविल सर्जन के पद पर भी बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। देवघर, गिरिडीह, जामताड़ा, चाईबासा, खूंटी, रामगढ़ और चतरा जैसे जिलों में नए सिविल सर्जनों की नियुक्ति की गई है, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिन पदाधिकारियों के स्थान पर अन्य की नियुक्ति की गई है और उनका कहीं पदस्थापन नहीं हुआ है, वे स्वास्थ्य विभाग, रांची में योगदान देंगे। साथ ही सभी संबंधित चिकित्सकों को 15 दिनों के भीतर अपने नए पद पर कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।

यह आदेश झारखंड के राज्यपाल के निर्देश पर जारी किया गया है, जिस पर सरकार के अवर सचिव अजय कुमार सिंह के हस्ताक्षर हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close