Weather News: झारखंड के इन जिलों में बारिश का अलर्ट, आंधी और वज्रपात की संभावना

रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने चतरा, हजारीबाग, जामताड़ा और कोडरमा में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि तेज हवा के साथ बारिश होगी। वज्रपात की भी प्रबल आशंका है। पश्चिमी सिंहभूम के कुछ जिलों में भी अगले 1 से 3 घंटे में बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है। संताल परगना के साहिबगंज और गोड्डा में भी बारिश और वज्रपात का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।

राजधानी रांची सहित आसपास के जिलों में बुधवार को हुई बारिश के बाद तापमान गिरा। इसकी वजह से गुरुवार को मौसम सुहाना बना हुआ है। गुरुवार को भी रांची में बादलों की आंख-मिचौली चलती रही। मौसम आमतौर पर ठंडा बना रहा। बता दें कि 20 अप्रैल को झारखंड में आए मौसम में बदलाव का असर अभी तक बना हुआ है। 20 अप्रैल के बाद से झारखंड के अलग-अलग जिलों में रुक-रुककर बारिश होती रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार से आसमान साफ होगा और तीखी धूप खिलेगी।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि शुक्रवार को आसमान साफ होगा। बादल छटेंगे और धूप खिलेगी । तीखी धूप से पारा चढ़ेगा। हालांकि, मई महीने में रुक-रुककर बारिश होती रहेगी जिसकी वजह से औसत अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।

Related Articles

close