जयराम महतो की पार्टी प्रत्याशी चयन में जुटी, कैची छाप पर विधानसभा में लड़ेगी चुनाव, प्रत्याशी चयन को लेकर….

पलामू। विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टियों ने कमर कस ली है। इस चुनाव में कई नयी पार्टियां भी अपना दांव आजमाने जा रही है। पहली बार जहां चंपाई सोरेन की पार्टी चुनावी मैदान में उतरने के लिए दम लगायेगी, तो वहीं दूसरी तरफ टाइगर जयराम महतो की पार्टी भी इस बार अपनी ताकत दिखायेगी।
जयराम महतो की पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांति मोर्चा (जेएलकेएम) पहले ही ऐलान कर चुकी है, वो इस बार विधानसभा चुनाव में 55 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। अब जिलेवार भी जेएलकेएम ने संवाभानाएं तलाशनी शुरू कर दी है। जयराम महतो की पार्टी की नजर पलामू की विधानसभा सीटों पर है।
जयराम महतो की पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांति मोर्चा (जेएलकेएम) पलामू में विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती है. चार विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ने के लिए आवेदन दिया है, जिसमें छतरपुर विधानसभा सीट से प्रीति राज, डाल्टनगंज विधानसभा सीट से प्रोफेसर जगन्नाथ प्रसाद सिंह, बिश्रामपुर से नवल पांडे और पांकी विधानसभा क्षेत्र से विकास यादव ने आवेदन दिया है।
हाल ही में जयराम महतो की पार्टी जेएलकेएम की पार्टी का रजिस्ट्रेशन हुआ है, उन्हें कैची छाप आवंटित किया गया है।
पलामू की विधानसभा सीटों पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांति मोर्चा की नजर है. उन्होंने बताया कि युवा और अन्य वर्गों के लोग लगातार पार्टी से जुड़े रहे हैं। पार्टी नियोजन नीति और अन्य मुद्दों पर चुनावी मैदान में उतरेगी. इसे लेकर पार्टी की ओर से लगातार बैठक की जा रही है।
पार्टी के जिला अध्यक्ष दिलीप मेहता ने बताया कि कई लोगों ने आवेदन दिया है.कई लोग पार्टी के संपर्क में हैं. दरअसल, वर्तमान में पलामू की चार विधानसभा सीटों पर बीजेपी के विधायक हैं, जबकि एक विधायक एनसीपी के हैं।









